प्रदेश सरकार और पुलिस बजरी माफियाओं पर नकेल डालने के लिए चाहे जितने अभियान चलाए, लेकिन दबंग बजरी माफिया बेखौफ होकर पुलिस पर भी हमला करने से नहीं चूक रहे हैं।
ताजा मामला कोलारी थाना क्षेत्र के बरा गांव के पास का है, जहां बजरी माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने गई पुलिस को बजरी माफियाओं ने मारपीट कर भगा दिया। घटना का 49 सेकंड का एक वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के मुताबिक कोलारी थाना पुलिस और डीएसटी टीम बरा गांव के पास बजरी माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जैसे ही कार्रवाई करने की कोशिश की तो बजरी माफियाओं ने लामबंद होकर पुलिस को ही खदेड़ दिया।
मौके पर मौजूद ग्रामीणों में से किसी ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भेज दिया। वीडियो में बजरी माफिया ट्रैक्टर में सवार होकर पुलिस पर पथराव कर उन्हें खदेड़ रहे हैं। बजरी माफियाओं द्वारा किए गए पथराव में पुलिस की गाड़ियों के शीशे भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।
उधर घटना को लेकर पुलिस ने अब तक चुप्पी साध रखी है। पुलिस का कोई भी अधिकारी घटना के संबंध में किसी भी तरह की जानकारी देने के लिए तैयार नहीं है। हालांकि अमर उजाला इस तरह के किसी भी वायरल वीडियो की आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं करता है।