जिला पुलिस को शनिवार को बड़ी कामयाबी हाथ लगी। बसई डांग क्षेत्र के नियाती के जंगलों में मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने एक लाख के इनामी धर्मेंद्र उर्फ लुक्का को चार साथियों समेत गिरफ्तार किया है। इनमें दो अपराधी नाबालिग होने पर पुलिस ने निरुद्ध किया है। डकैत गैंग से पांच हथियार समेत 60 कारतूस भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा ने बताया एडीजी क्राइम दिनेश एम एन के निर्देश में अपराधियों की धर पकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया जिले का कुख्यात डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का विगत लंबे समय से फरार चल रहा था। डकैत को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही थी। डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का की गिरफ्तारी को लेकर एडीजी क्राइम द्वारा हाल ही में एक लाख का इनाम घोषित किया हुआ था। डकैत गैंग को पकड़ने के लिए पुलिस की डीएसटी, क्यूआरटी टीम समेत साइबर सेल विशेष निगरानी रख रही थी।
एसपी ने बताया शनिवार को धौलपुर पुलिस को जरिए मुखबिर से गुप्त सूचना मिली कि डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का गैंग के समय नियाती के जंगलों में देखा गया है। मुखबिर की सूचना बाड़ी सीओ नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में डीएसटी, क्यूआरटी, बाड़ी, सदर बसई डांग, सोने का गुर्जा थाना पुलिस को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के लिए भेजा गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर डकैत गैंग को सरेंडर करने के लिए कहा था, लेकिन डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का और उसके सहयोगियों ने पुलिस को टारगेट कर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
इधर, आत्मरक्षा में पुलिस ने भी डकैतों की गैंग पर फायरिंग की। पुलिस की तरफ से 50 और डकैतों की तरफ से करीब 40 राउंड फायरिंग की गई। फायरिंग के दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का, डकैत रामबृज और रामू को दबोच लिया। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो नाबालिग को निरुद्ध किया है।
पांच हथियार और 60 कारतूस बरामद
पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा ने बताया डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का गैंग से पुलिस ने पांच हथियार समेत 60 कारतूस बरामद किए हैं। डकैतों के कब्जे से तीन राइफल और दो 315 बोर के कट्टा बरामद किए हैं। अनुसंधान में और हथियार भी बरामद हो सकते हैं।
37 मामले हैं दर्ज
एक लाख के इनामी डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का पर धौलपुर समेत मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में टोटल 37 आपराधिक मामले दर्ज हैं। डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का हत्या के प्रयास, लूट, रंगदारी, राज कार्य में बाधा, उद्धापन, मारपीट जैसे अभियोग दर्ज हैं। डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का पर मध्य प्रदेश की मुरैना जिला पुलिस भी पांच हजार का इनाम घोषित किया हुआ है।
पुलिस ने बाजार में निकाला जुलूस
कुख्यात डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का डकैत रामब्रज और डकैत रामू का भारी पुलिस बल के साथ धौलपुर शहर में जुलूस निकाला गया है। जुलूस की शुरुआत कोतवाली पुलिस थाने से की गई। शहर के प्रमुख बाजारों में होते हुए जुलूस वापस कोतवाली पुलिस थाने पर समाप्त किया गया। डकैत गैंग को देखने के लिए बाजार में लोगों की भीड़ भी उमड पड़ी।
अनुसंधान में खुलेंगे बड़े राज
पुलिस अधीक्षक सुमित मेहरडा ने बताया डकैत धर्मेंद्र उर्फ लुक्का गैंग से पुलिस पूछताछ कर रही है। डकैत गैंग धौलपुर समेत भरतपुर मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भी संगीन वारदात को अंजाम दे चुकी है। पुलिस द्वारा डकैत गैंग से पूछताछ की जा रही है। एसपी ने दावा किया है अनुसंधान में बड़ी-बड़ी वारदात के राजफास होंगे।