Dholpur: पुलिस जांच में सामने आया है कि ई-मित्र संचालक रामबृज कुशवाह द्वारा एक्सरे मशीन से फर्जी एक्स-रे कर सुरेन्द्र त्यागी की एसएसआई आईडी का उपयोग करते हुए सिलिकोसिस पोर्टल पर 106 फर्जी रिकॉर्ड अपलोड किए गए।
धौलपुर जिला मुख्यालय स्थित सामान्य चिकित्सालय में सिलिकोसिस के फर्जी एक्स-रे अपलोड करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चिकित्सालय का वरिष्ठ रेडियोग्राफर सुरेन्द्र सिंह त्यागी भी शामिल है। पुलिस जांच में सामने आया है कि ई-मित्र संचालक रामबृज कुशवाह द्वारा एक्सरे मशीन से फर्जी एक्स-रे कर सुरेन्द्र त्यागी की एसएसआई आईडी का उपयोग करते हुए सिलिकोसिस पोर्टल पर 106 फर्जी रिकॉर्ड अपलोड किए गए। पुलिस के अनुसार, इस फर्जीवाड़े के तहत प्रति केस 20-20 हजार रुपये की डील तय हुई थी, जिसमें दलाल और रेडियोग्राफर को हिस्सेदारी दी जाती थी।
थाना प्रभारी हरिनारायण मीणा ने बताया कि इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिसमें रामबृज कुशवाह पुत्र रामनाथ कुशवाह (32), निवासी करीमपुर का पुरा, थाना सैंपऊ
सकूर खान पुत्र रहीम खान रंगरेजा (29), निवासी कुम्हेरी, थाना सैंपऊ, सौरभ पुत्र सुनहेरी जाटव (25), निवासी पुरैनी, थाना सैंपऊ, सुरेन्द्र सिंह त्यागी पुत्र बाबूलाल त्यागी (50), निवासी पिपहेरा, थाना कौलारी शामिल हैं। पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।