धौलपुर में मनिया थाना क्षेत्र के बासन का पुरा गांव के नजदीक रविवार रात को तीन हथियारबंद बदमाशों द्वारा रेलवे कर्मचारियों के साथ मारपीट कर लूट की घटना को अंजाम दिया है। घायल रेलवे कर्मचारी को जिला अस्पताल की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया है। मनिया पुलिस थाने में परिजनों ने रिपोर्ट पेश कर दी है।
जिले में अपराधी एवं अपराधों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। बदमाश और अपराधी कभी भी वारदातों को अंजाम देकर फरार हो जाते हैं। ताजा मामला बरेठा रेलवे स्टेशन पर तैनात एक रेलवे कर्मचारी के साथ हथियार की नोक पर लूटपाट कर एवं मारपीट करने का सामने आया है। रेलवे कर्मचारी 45 बर्षीय रामेश्वरम पुत्र हेम सिंह निवासी कामराज का पुरा ने बताया, रविवार रात को वह घर से बरेठा रेलवे स्टेशन पर ड्यूटी करने जा रहा था। बासन का पुरा गांव के नजदीक बाइक सवार तीन बदमाशों ने चलती बाइक पर लात मारकर उसकी बाइक को गिरा दिया। इसके बाद हथियारों की नोक पर 35 हजार रुपये की नकदी छीन ली।
लाठी डंडों से मारपीट कर बदमाश फरार हो गए। रास्ते से गुजर रहे राहगीरों ने घटना की सूचना स्थानीय मनिया थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल रेलवे कर्मचारी को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया है। घटना को लेकर थाना प्रभारी अनिल कुमार जसोरिया ने बताया, बीती रात अज्ञात बदमाशों ने रेलवे कर्मचारियों के साथ मारपीट कर लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है। घायल रेलवे कर्मचारियों के जिला अस्पताल में पर्चा बयान लिए गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। अज्ञात बदमाशों की तलाश की जा रही है।