धौलपुर में नव-नियुक्त एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देश पर धौलपुर डीएसटी टीम एवं सैंपऊ थाना पुलिस ने सात घंटे कड़ी मशक्कत के बाद बजरी से भरे तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। रात दो बजे से सुबह नौ बजे तक धौलपुर-भरतपुर हाइवे पर की गई कार्रवाई के दौरान बजरी लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में कामयाब हो गए।
डीएसटी इंचार्ज घनश्याम सिंह चाहर और हेड कांस्टेबल मुकेश के साथ सैंपऊ थाना पुलिस ने पहली कार्रवाई को अंजाम रात दो बजे दिया। जहां उन्होंने तसीमों के पास भरतपुर की ओर बजरी लेकर जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोकने का प्रयास किया तो ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर जा रहा ड्राइवर पुलिस को देखकर बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर भाग निकला। सुप्रीम कोर्ट से प्रतिबंधित चंबल बजरी को लेकर की गई कार्रवाई के दौरान पुलिस और डीएसटी की टीम ने दूसरी कार्रवाई को सालेपुर गांव के पास अंजाम दिया। जहां ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक चंबल बजरी से भरे ट्रैक्टर को छोड़कर सरसों की फसल का फायदा उठाकर भाग निकला।
तीसरी कार्रवाई करते हुए सुबह नौ बजे सैंपऊ पुलिस के साथ डीएसटी की टीम ने बसई नवाब पुलिया के पास से बजरी से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया है। धौलपुर जिले के नव-नियुक्त एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने पदभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में अवैध खनन पर रोक लगाने के निर्देश दिए थे, जिसके अगले ही दिन डीएसटी की कार्रवाई के बाद बजरी खनन कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
बजरी माफिया फरार
पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से बजरी माफियाओं में हड़कंप मच गया। बजरी माफिया तीनों कार्रवाई में पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ सके। पुलिस को चकमा देकर खेतों में कूद कर फरार हो गए। पुलिस ने बताया, सभी बजरी माफियाओं को पुलिस ने चिन्हित कर लिया है। आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस दबिश दे रही है। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार कर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।