धौलपुर में कोतवाली थाना क्षेत्र के गांव मोरौली में 10 हजार रुपये का चंदा नहीं देने पर आरोपियों ने एक व्यक्ति के पैर में गोली मार दी। हमलावर फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए गांव से फरार हो गए। घायल अवस्था में व्यक्ति को जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। पीड़ित ने नामजद आरोपियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस थाने में मुकदमा दर्ज करवा दिया है। आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए रामधन (62) पुत्र नेपाल सिंह ने बताया कि शनिवार रात को पीड़ित और उसका पुत्र जोगिंदर घर में मौजूद थे। इसी दौरान गांव के श्रीकेश और उसके पिता उदयभान पुत्र शंकर सिंह उनके घर आ गए। जहां आरोपी श्रीकेश ने उनसे 10 हजार रुपये चंदे के मांगे। पैसे न देने पर आरोपी श्रीकेश ने उनसे गाली-गलौज शुरू कर दी, जिसका विरोध करने पर आरोपी ने उनके पुत्र जोगिंदर के पैर में गोली मार दी। घटना के बाद ग्रामीण पीड़ित के घर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी भाग निकले। इसके बाद गोली लगने से घायल हुए युवक को जिला अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों की देखरेख में घायल का इलाज किया जा रहा है।
वहीं, मामले को लेकर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। घटना को लेकर कोतवाली थाना प्रभारी रामकिशन यादव ने बताया, पैसों के लेनदेन को लेकर दो पक्षों में मोरोली गांव में विवाद हुआ था। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर फायरिंग कर दी है। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कर दिया है। नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद पुलिस आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देने गई थी। आरोपी गांव से फरार हो चुके हैं। आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा। उधर, जिला अस्पताल में घायल के पर्चा बयान पुलिस द्वारा लिए जा रहे हैं। मामले की पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।