राजस्थान से सटे पाकिस्तान बॉर्डर के नजदीक जैसलमेर जिले के सम क्षेत्र से पकड़े गए ड्राइवर नवाब खान के तार आईएसआई से जुड़े हुए थे। पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ है कि उसे पश्चिमी सीमा पर सैन्य गतिविधियों की सूचना देने पर राशि भी दी गई।
सूत्रों के अनुसार पर्यटकों के लिए रेतीले टीलों पर गाड़ी दौड़ाने वाले नवाब खान का रिश्तेदार पाकिस्तान में रहता है और वह पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए काम करता है। सम क्षेत्र में गांगा बस्ती निवासी नवाब खान पिछले साल पाकिस्तान गया था और वहां उसे रिश्तेदार ने आईएसआई के कैंप में ट्रेनिंग भी दिलवाई।
इसके बाद वह यहां से सूचना देता था और उसे प्रत्येक सूचना के बदले पांच हजार रुपये भी मिलने की बात सामने आई है। सूत्रों ने बताया कि खुफिया एजेंसियां पिछले कुछ महीनों से उस पर नजर रखे हुए थीं। नवाब खान को जैसलमेर से गिरफ्तार कर मंगलवार को जयपुर लाया गया।