पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामासनी सांदवान में 10 वर्षीय बालक आरिफ की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक के पड़ोसी युवक शेरू खान ने ही इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पूछताछ में दावा किया कि उसने “जन्नत पाने” की सोच के तहत बालक की हत्या की।
तालाब की पाल पर मिला था मासूम का शव
जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने बताया कि 14 मई 2026 की शाम शिवपुरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि रामासनी सांदवान स्थित तालाब की पाल पर 10 वर्षीय आरिफ पुत्र फिरोज खान का शव पड़ा है। बच्चे का गला धारदार हथियार से रेता गया था। सूचना मिलते ही पुलिस, एफएसएल और एमओबी टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
इलाके में फैला तनाव, विशेष टीमों का गठन
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश और तनाव का माहौल बन गया था। शव के पास मिली कुछ सामग्री के चलते सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ने की आशंका भी जताई जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयसिंह तंवर, डीएसपी रतनाराम देवासी और थानाधिकारी भंवरलाल के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं।
तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और घटनास्थल से जुड़े तथ्यों का विश्लेषण किया। इसी दौरान मृतक के पड़ोसी शेरू खान की गतिविधियां संदिग्ध पाई गईं। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने किया चौंकाने वाला दावा
पुलिस के अनुसार आरोपी शेरू खान (20) ने वारदात से पहले नमाज पढ़ी और हत्या के दौरान कलमा पढ़ते हुए इसे “कुर्बानी” बताया। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि उसने खुद और बच्चे को “जन्नत दिलाने” की सोच के तहत यह कदम उठाया।
चाचा की रिपोर्ट में हुआ बड़ा खुलासा
मृतक के चाचा मुश्ताक खान ने रिपोर्ट में बताया कि 14 मई की शाम करीब 4:30 बजे आरिफ घर से खेत जाने के लिए निकला था। तभी आरोपी उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर अपने साथ ले गया। करीब एक घंटे बाद तालाब की पाल पर बच्चे का शव मिलने की सूचना मिली। शव के हाथ-पैर बंधे हुए थे और गला कटा हुआ था।
ये भी पढ़ें:
Kota: राजधानी एक्सप्रेस में लगी आग, यात्रियों में मची अफरा-तफरी; कोटा रेल मंडल में थमी ट्रेनों की रफ्तार
हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ शिवपुरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार की बरामदगी और मामले की विस्तृत जांच जारी है।