खवा रावजी गांव में घर में सो रहे भाई-बहन को सांप ने डस लिया। पहले भाई की हालत बिगड़ी और इलाज के लिए जयपुर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। सुबह बहन के भी सांप के काटने की पुष्टि हुई, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में जयपुर भेजा गया।
जिले के पापड़दा थाना क्षेत्र के खवा रावजी गांव में बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया। घर में सो रहे एक ही परिवार के दो बच्चों को सांप ने डस लिया। हादसे में 8 वर्षीय कानू की जयपुर ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि उसकी बहन की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे उपचार के लिए जयपुर के जेके लोन अस्पताल रैफर किया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार परिवार के सभी सदस्य बुधवार रात घर में सो रहे थे। इसी दौरान सांप ने 8 वर्षीय कानू के कान पर डस लिया। दर्द के कारण बच्चे की चीख सुनकर उसकी मां की नींद खुली। परिजनों के अनुसार उन्होंने पास में काला सांप भी देखा। परिजन रात में ही कानू को दौसा जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे जयपुर रैफर कर दिया लेकिन जयपुर ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
सुबह जब कानू की बहन भी नहीं जागी तो परिजनों ने उसे उठाया। उठने के बाद बच्ची को उल्टी हुई। इस दौरान उसके कान पर भी सांप के काटने के निशान दिखाई दिए। परिजन पहले उसे झाड़-फूंक के लिए ले गए और इसके बाद दौसा जिला अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्ची को भी जयपुर के जेके लोन अस्पताल रैफर कर दिया गया। जिला अस्पताल के नर्सिंग प्रभारी महेंद्र मीणा ने बताया कि बच्ची को प्राथमिक उपचार देने के बाद जयपुर भेजा गया है।
कानू की मौत की खबर सुनते ही उसकी मां बेसुध हो गई। एक ही परिवार के दो बच्चों को सांप के डसने और एक मासूम की मौत की खबर गांव में फैलते ही शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया और कई घरों में चूल्हे तक नहीं जले। फिलहाल बच्ची का जयपुर में उपचार जारी है।