मौके पर मौजूद पुलिस और ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
जिले के मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में सोमवार को एक महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। ब्रह्मबाद गांव स्थित मोरा माता मंदिर की पहाड़ियों में महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया हत्या के बाद शव फेंकने की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
मेहंदीपुर बालाजी थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला की गला रेतकर हत्या की गई है। इसके बाद पत्थर से सिर पर वार कर उसकी पहचान मिटाने का प्रयास किया गया। घटना की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी गई। बांदीकुई डीएसपी लक्ष्मीकांत शर्मा भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
ये भी पढ़ें: Rajasthan: नकली खाद-बीज बेचने वालों पर कसेगा शिकंजा, संसद में नया कानून लाएगी सरकार: शिवराज सिंह चौहान
स्थानीय ग्रामीणों से पुलिस को एक अहम जानकारी मिली है। ग्रामीणों के अनुसार दो युवक बाइक पर एक महिला को लेकर मोरा माता मंदिर की पहाड़ियों की तरफ आए थे। कुछ देर बाद जब दोनों युवक वापस लौटे तो बाइक पर महिला नहीं थी। इस दौरान स्थानीय महिलाओं ने युवकों से महिला के बारे में पूछा तो उन्होंने कहा कि महिला मंदिर पर है, हम मेहंदीपुर बालाजी होकर आ रहे हैं। महिलाओं को संदेह हुआ तो उन्होंने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद कुछ युवक पहाड़ी पर महिला को तलाशने गए तो वहां महिला का शव पड़ा मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
थाना प्रभारी सचिन शर्मा ने बताया कि मृतका की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए साक्ष्य और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। हत्या के पीछे का कारण और पूरा घटनाक्रम पुलिस की गहन जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।