दौसा जिले से होकर गुजर रहे जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर देर रात भीषण सड़क हादसा हो गया। पीपलखेड़ा गांव के कट पर तेज रफ्तार ट्रक ने यात्रियों से भरी स्लीपर बस को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पूरी बस हिल गई और अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर जा चढ़ी। बस का बीच वाला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक महिला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 25 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। 18 घायलों की हालत नाजुक होने पर उन्हें जयपुर रेफर किया गया है।
देर रात 1 बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा देर रात करीब 1 बजे बालाहेड़ी थाना क्षेत्र में हुआ। बालाहेड़ी थाना प्रभारी सतनारायण बसवाल ने बताया कि एक प्राइवेट स्लीपर बस जयपुर से उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जा रही थी। बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। जब बस पीपलखेड़ा गांव के कट पर पहुंची तो चालक बस को हाईवे किनारे स्थित एक होटल पर खाना खाने के लिए रोकने जा रहा था। इसी के लिए वह धीरे-धीरे कट से बस को मोड़ रहा था।
इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक को अंदाजा नहीं लगा कि बस मुड़ रही है और उसने ब्रेक लगाने की कोशिश भी नहीं की। टक्कर सीधे बस के बीच वाले हिस्से में लगी, जहां सबसे ज्यादा यात्री सो रहे थे।
फर्रुखाबाद की महिला की मौत, 25 घायल
हादसे में बस में सवार फर्रुखाबाद निवासी जरीना बानो (50) पत्नी स्व. याकूब की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बस में सवार 25 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। कई यात्रियों के हाथ-पैर टूट गए और कईयों के सिर में गंभीर चोटें आई हैं।
पढ़ें: भारत सरकार लिखी स्कॉर्पियो से पहुंचे, फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर की लूट
हादसे की सूचना मिलते ही बालाहेड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से बस में फंसे घायलों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला। सभी घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस और निजी वाहनों से महुआ जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 18 लोगों की हालत बेहद गंभीर देखते हुए उन्हें जयपुर के एसएमएस अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बाकी घायलों का इलाज महुआ अस्पताल में ही चल रहा है। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर महुआ जिला अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया है, जहां आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
आधे घंटे तक हाईवे पर लगा जाम
भीषण टक्कर के बाद जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के कारण हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं और करीब आधे घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा। सूचना पर पहुंची बालाहेड़ी पुलिस ने तुरंत क्रेन मंगवाई और क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हाईवे से हटवाया, जिसके बाद यातायात को सुचारू करवाया जा सका।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में ट्रक की तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे का कारण सामने आ रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। गौरतलब है कि जयपुर-आगरा हाईवे पर पीपलखेड़ा कट पहले भी हादसों का ब्लैक स्पॉट बना हुआ है। यहां अंधेरा और गलत कट होने के कारण पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।