पुलिस की गिरफ्त में आरोपी सरपंच।
- फोटो : अमर उजाला
दौसा पुलिस ने सिकराय बीडीओ के साथ मारपीट कर राजकार्य में बाधा डालने के मामले में आरोपी सरपंच को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी सरपंच के खिलाफ दौसा एसपी ने पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित कर रखा था।
बता दें गतमाह 16 मार्च को ठिकरिया सरपंच कमलेश मीना पुत्र रामजीलाल ने अपने ड्राइवर बलराम ने मिलकर बीडीओ बाबूलाल के ऑफिस में घुसकर मारपीट की थी। दौसा पुलिस ने इस मामले की गंभीरता के लेते हुए आरोपी सरपंच के ड्राइवर बलराम मीना को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। सरपंच वारदात को अंजाम देने के बाद से ही फरार चल रहा था।
ये था मामला
मारपीट के मामले में मानपुर थाना प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि 16 मार्च को बीडीओ बाबूलाल ने आरोपी सरपंच कमलेश मीना और सरपंच के ड्राइवर बलराम के खिलाफ मारपीट करने और राजकार्य में बाधा पहुंचाने का मामला दर्ज कराया था। उसने बताया कि ठिकरिया सरपंच कमलेश मीना और उसका ड्राइवर बलराम 16 मार्च को ऑफिस में आए थे। इस दौरान आरोपी सरपंच कार्य स्वीकृति के लिए कहने लगा। ऐसे में सरपंच को बताया कि कार्य प्लान में डालने के बाद स्वीकृत कर दिए जाएंगे।
उधर बात से नाराज सरपंच कमलेश मीना और ड्राइवर बलराम मीना ने बीडीओ बाबूलाल मीन के साथ गाली गलौच करने के साथ ही मोबाइल छीनकर तोड़ दिया। इसके बाद सरपंच और ड्राइवर द्वारा बीडीओ के साथ मारपीट की गई थी। वहीं इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बीडीओ ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सरपंच और ड्राइवर मौके से फरार हो गए। ऐसे में आरोपी बलराम मीना को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। वहीं 5 हजार के इनामी आरोपी सरपंच कमलेश मीना को गिरफ्तार किया गया है।