Dausa: मेहंदीपुर बालाजी धाम में 1.72 करोड़ की लागत से धौलपुर के लाल पत्थरों से भव्य स्वागत द्वार बन रहा है। गुंबद, कलाकृतियों, सेल्फी प्वाइंट और जनसुविधाओं से सजा यह गेट अंतिम चरण में है, जो श्रद्धालुओं को हेरिटेज अनुभव देगा।
वृंदावन और खाटूश्यामजी की तर्ज पर अब मेहंदीपुर बालाजी धाम में भी श्रद्धालुओं का स्वागत एक भव्य और कलात्मक द्वार से किया जाएगा। पर्यटन विभाग की ओर से 1 करोड़ 72 लाख रुपये की लागत से तैयार हो रहा यह स्वागत द्वार धौलपुर के लाल पत्थरों से निर्मित किया जा रहा है, जो इसे आकर्षक हेरिटेज लुक प्रदान करेगा। द्वार के ऊपरी हिस्से में मंदिरनुमा गुंबद और साइड पीलरों पर खूबसूरत कलाकृतियां इसे विशेष बनाएंगी।
द्वार के पास जनसुविधा केंद्र और सेल्फी प्वाइंट भी विकसित किए जा रहे हैं, जहां आने वाले श्रद्धालु अपनी यात्रा की यादें संजो सकेंगे। इसके आसपास छायादार और फलदार पौधे लगाए जा रहे हैं, जिससे क्षेत्र को हराभरा स्वरूप मिलेगा। नेशनल हाईवे 21 के बालाजी मोड़ से करीब 700 मीटर अंदर और बालाजी मंदिर से लगभग 1 किलोमीटर की दूरी पर पुलिस थाने के पास यह गेट अंतिम चरण में है। लाल और हल्के भूरे पत्थरों का संयोजन, हवादार जालियां, महराव और गुंबदनुमा छतरियां इसकी भव्यता को और निखार रही हैं।
इसके साथ ही क्षेत्र का सौंदर्यीकरण भी किया जा रहा है, जिसमें स्टील रेलिंग, आकर्षक लाइटिंग, पेड़-पौधे और अन्य जनसुविधाएं शामिल हैं। आरटीडीसी द्वारा पर्यटन और आस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इसका निर्माण कराया जा रहा है। सार्वजनिक निर्माण विभाग के जेईएन विनोद कुमार के अनुसार, यह द्वार आर्किटेक्ट के डिजाइन के मुताबिक भव्य स्वरूप ले रहा है।