दौसा जिले के लालसोट कस्बे में सोमवार सुबह गंगापुर रोड के समीप एक खाली भूखंड में नीम के पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। राहगीरों ने जब शव को देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
पुलिस मौके पर पहुंची, शव को उतरवाया
सूचना मिलने पर लालसोट थाना अधिकारी श्रीकिशन मीणा पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया और उसे लालसोट की मोर्चरी में रखवाया। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की जेब से आधार कार्ड और एक दवाई की पर्ची बरामद हुई।
आधार कार्ड से हुई मृतक की पहचान
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान शाहपुरा निवासी 35 वर्षीय सायनीर बैरवा के रूप में हुई है। लालसोट थाने के एएसआई रामकरण सिंह ने बताया कि सायनीर बैरवा पिछले कुछ समय से लाल क्लब स्टेडियम के पास किराए के कमरे में अपने परिवार के साथ रह रहा था।
घरेलू विवाद और शराब की लत की जानकारी
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सायनीर बैरवा शराब पीने का आदी था और नशे में अक्सर अपनी पत्नी से झगड़ा किया करता था। बीती रात भी उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जो बाद में गंभीर रूप ले लिया।
यह भी पढ़ें- Barmer: 1971 का युद्ध और बलवंत सिंह, 13 दिसंबर को प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होंगे रक्षामंत्री राजनाथ!
रात में विवाद, कमरे में पत्नी को बंद कर हुआ बाहर
पुलिस के अनुसार, शराब के नशे में सायनीर बैरवा ने पत्नी से झगड़ा करने के बाद उसे कमरे में अंदर बंद कर बाहर से कुंडी लगा दी और वहां से चला गया। इसके बाद वह गंगापुर रोड के पास स्थित खाली भूखंड में पहुंचा, जहां उसने नीम के पेड़ पर अपने स्वेटर से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
पोस्टमॉर्टम और पुलिस जांच जारी
मृतक के परिजनों की मौजूदगी में मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया करवाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है, ताकि मौत के कारणों की पूरी पुष्टि की जा सके।