खाप पंचायत के फैसले के बाद युवती ने लगाई सुरक्षा की गुहार
- फोटो : अमर उजाला
जिले के रामगढ़ पचवारा क्षेत्र में प्रेम विवाह करने वाली एक युवती ने अपनी जान को खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। युवती ने वीडियो जारी कर कहा कि उसने अपनी इच्छा और सहमति से प्रेम विवाह किया है। उसका अपहरण नहीं हुआ और न ही उस पर किसी प्रकार का दबाव था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आठ नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं करीब 125 लोगों के खिलाफ इस्तगासा दायर कर पाबंद कराया गया है।
वीडियो जारी कर लगाई गुहार
युवती ने वीडियो में आरोप लगाया कि उसके पीहर और ससुराल पक्ष के कुछ लोगों से उसे और उसके पति को जान का खतरा है। उसने कहा कि विकास मीणा, मोतीलाल, पप्पूलाल, स्वरूपलाल और लोरीलाल सहित कुछ लोगों ने सामाजिक बैठक कर उन्हें उठाने और जान से मारने की साजिश रची है। युवती ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पहले जबरन शादी कराई गई थी लेकिन वह अपने पहले पति के साथ नहीं रहना चाहती थी। इसलिए उसने अपनी मर्जी से प्रेमी के साथ विवाह किया।
रामगढ़ पचवारा थाना प्रभारी मदनलाल मीणा ने बताया कि युवती की ओर से सुरक्षा संबंधी प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुआ है। मामले में आठ लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई है। साथ ही करीब 125 लोगों के खिलाफ इस्तगासा दायर कर उन्हें पाबंद कराया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़े: Jaipur News: फर्जी वीजा कॉल सेंटर गिरोह का भंडाफोड़, तीन ठिकानों पर छापे मार; 22 आरोपी हिरासत में
क्या है पूरा मामला
पुलिस के अनुसार युवती अपने परिवार के साथ जयपुर क्षेत्र में रहती थी। उसकी शादी 29 अप्रैल को कंवरपुरा क्षेत्र के एक युवक से हुई थी। हालांकि शादी के करीब दो महीने बाद वह घर छोड़कर रामगढ़ पचवारा क्षेत्र के कमलेश मीणा के साथ रहने लगी। इस पर परिजनों ने जयपुर के कानोता थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।
बाद में युवती ने पुलिस के समक्ष बयान देकर स्पष्ट किया कि वह अपनी इच्छा से कमलेश मीणा के साथ रह रही है। इसके बाद कंवरपुरा क्षेत्र के ससुराल पक्ष ने महिला को वापस भेजने या सामाजिक स्तर पर निर्णय कराने की मांग की, जिसे लेकर 84 गांवों की खाप पंचायत आयोजित की गई। आरोप है कि पंचायत ने युवक के परिवार पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाने के साथ सामाजिक बहिष्कार का फरमान भी सुनाया।
युवक के चाचा अर्जुनलाल मीणा ने बताया कि उनके भतीजे कमलेश मीणा और युवती ने अपनी सहमति से प्रेम विवाह किया है। इसके बाद बुलाई गई खाप पंचायत में उनकी बात सुने बिना परिवार पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया गया। आरोप है कि जुर्माना नहीं चुकाने पर परिवार का सामाजिक बहिष्कार करने और हुक्का-पानी बंद करने की चेतावनी दी गई। इतना ही नहीं तय समय पर जुर्माना जमा नहीं करने पर राशि बढ़ाकर 51 लाख रुपये करने की धमकी भी दी गई। बहरहाल पूरा मामला पुलिस के पास है ओर पुलिस पकड़े गए लोगों से पूछताछ कर रही है।