हिंदू संस्कृति में एक कहावत है कि जिस आदमी को जीते जी जगह न मिले, उसे श्मशान में जगह जरूर मिलती है। लेकिन यहां मामला कुछ इस तरह हो गया कि श्मशान में जाने का रास्ता तक नहीं बचा, जिसके चलते दौसा जिले में सिकराय के संवासा गांव में रास्ते की समस्या के कारण एक बुजुर्ग की अर्थी को बीच में ही रखकर करीब दो घंटे से बैठे हुए है।
ग्रामीणों का कहना है कि दबंगों ने आम रास्ते में कब्जा कर रखा है। रविवार देर रात संवास गांव में एक बुजुर्ग की मौत हो गई है। श्मशान की ओर जाने वाले आम रास्ते में तारबंदी कर दबंगों ने संवासा गांव से श्मशान तक पहुंचने के रास्ते पर कब्जा किया हुआ है। ऐसा नहीं है कि इस कब्जे से श्मशान जाने वाले रास्ते पर कब्जे की जानकारी प्रशासन को न हो, लेकिन इस मामले में कार्रवाई नहीं हो पा रही।
पूरे मामले की जानकारी होने के बाद मौके पर सिकराय तहसीलदार दिनेश मीना, नायब तहसीलदार और थानाधिकारी मय जाब्ता तैनात हैं, जिसके चलते दो घंटे से बैठे हुए हैं। लेकिन खबर लिखे जाने तक समस्या का समाधान नहीं हुआ था।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना है कि जब तक स्थाई समाधान नहीं निकलता, शव के साथ इसी तरह प्रदर्शन करते रहेंगे। पिछले कई साल से श्मशान घाट भूमि पर दबंगों के अतिक्रमण के चलते अर्थी को ले जाने में परेशानी रहती है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीण स्थाई समाधान की मांग करते आ रहे हैं।