गिरफ्तार साइबर ठग अनपढ़ और बेरोजगार लोगों को निशाना बनाते हुए सबसे पहले उनके नाम से सिम जारी करवाते थे, फिर उस नंबर पर व्हाट्सएप चालू करते थे। उसके बाद उस नंबर से ही विभिन्न बैंकों में खाते खुलवा कर एटीएम कार्ड भी जारी करवा लेते थे। खाता खुलवाने के बाद उनमें लेनदेन खुद ही ऑपरेट करते थे।
हनीट्रैप करके भी ऐंठते थे मोटी रकम
ये ठग व्हाट्सएप पर महिला की फोटो की डीपी लगा कर लोगों को हाय हेलो का मैसेज भेजते थे और ट्रूकॉलर पर नाम भी लड़की का ही आता था फिर धीरे-धीरे चैट करते हुए वीडियो कॉलिंग कर अश्लील प्रदर्शन भी करते थे। इसके बाद सामने वाले को उसकी रिकॉर्डिंग वायरल करने के नाम पर मोटी राशि की डिमांड करते थे जिस पर लोग अपनी इज्जत बचाने के चक्कर में डरते हुए साइबर ठगों को मांगी हुई राशि देने को तैयार हो जाते थे इस तरह से आदमी ठगी का शिकार हो जाता था।
दौसा जिले के मंडावर का रहने वाला है अभियुक्त
पुलिस ने जिस साइबर ठग को गिरफ्तार किया, वह पूरण सिंह मीणा पुत्र धर्म सिंह मीणा उम्र 23 वर्ष निवासी गढ़ हिम्मत सिंह थाना मंडावर जिला दौसा का रहने वाला है। वह अब तक कई वारदातों को अंजाम दे चुका है।
दौसा पुलिस अधीक्षक क्या कहते हैं ?
दौसा पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने बताया कि पुलिस मुख्यालय जयपुर से महानिदेशक पुलिस और अतिरिक्त महानिदेशक अपराध शाखा से मिले दिशा निर्देशों के तहत कार्रवाई करते हुए राजस्थान में सक्रिय अपराधियों को पूर्ण रूप से निष्क्रिय करने के अभियान के तहत इस बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।
बांदीकुई थाना अधिकारी क्या कहते हैं?
बांदीकुई थाना अधिकारी नरेश शर्मा ने बताया कि रात्रि गश्त के दौरान बैंक एटीएम के पास सुनियोजित तरीके से निगरानी करते हुए रात्रि 12 बजे के लगभग सिकंदरा रोड स्थित एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक के सामने एक व्यक्ति संदिग्ध रूप से खड़ा दिखाई दिया। पुलिस कार्रवाई करती उससे पहले ही वह भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
आरोपी पकड़ में आने के बाद करता रहा गुमराह
पुलिस के अनुसार पहले तो आरोपी ने अपना नाम पता ही गलत बताकर गुमराह करने का प्रयास किया परंतु पुलिस ने सख्ती दिखाई तो पूरण सिंह मीणा के पास से 5 अलग-अलग नामों के एटीएम कार्ड , एक आईफोन , भीम यूपीआई क्यू आर कोड स्कैनर के साथ 3.5 लाख रूपए नकदी भी मिलना बताया।
पुलिस को है आरोपी से और खुलासे की उम्मीद
अपराधी पूरण सिंह के पुलिस की पकड़ में आने के बाद अब दौसा पुलिस के हौसले बढ़ गए हैं जिसके चलते आरोपी से पूछताछ के दौरान और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।