राजस्थान में टोंक जिले के तनावग्रस्त मालपुरा थाना क्षेत्र में आज आगजनी और पत्थरबाजी की ताजा घटना के बाद कर्फ्यू लगा दिया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोरधन सोकरिया ने बताया कि आज सुबह कुछ लोग बाजार में टोलियां निकाल रहे थे। इस दौरान पत्थरबाजी की घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने एक दुकान में आग लगा दी। पुलिस ने उन्हें खदेड़ने के लिए हल्का बल प्रयोग भी किया।
स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए प्रशासन ने कस्बे में अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया है। गौरतलब है कि गुरुवार कांवड़ यात्रा के दौरान एक धार्मिक स्थल के बाहर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया था जिसमें करीब पंद्रह कांवड़िए घायल हो गए थे।
घटना से गुस्साए लोगों ने एक कार को आग के हवाले कर दिया था। प्रशासन ने स्थिति को काबू में करने के लिए क्षेत्र में निषेधाज्ञा लागू कर इंटरनेट सेवाओं को बंद कर दिया था।