प्रतापनगर थाना इलाके में आपसी झगड़े में कुछ लोगों ने करीब 52 साल के एक अधेड़ को पीट—पीटकर इतना घायल कर दिया कि उसकी बीती देर रात को मौत हो गई।
इस संबंध में मृतक के परिजनों ने आरोपी ठेकेदार व उसके साथी के खिलाफ हत्या का मामला प्रताप नगर थाने में दर्ज करवाया है। पुलिस के मुताबिक मीथिला विहार,जगतपुरा निवासी निर्मल मिश्रा पन्द्रह मार्च को घर से बाहर गए थे। इसके बाद देर शाम को बाइक सवार दो युवक जख्मी हालत में निर्मल को उनके घर पर छोड़कर चले गए थे। परिजनों ने लूहलुहान हालत में तबियत बिगड़ती देखकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती करवाया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। तब अस्पताल में भर्ती निर्मल ने पर्चा बयान में बताया कि उसके साथ काम करने वाला ठेकेदार रामफूल सिंह व उसका साथी रमेश उसे जबरन पकड़ कर एक कमरे में ले गए जहां उसे बंधक बना कर बुरी तरह से पीटा गया। मारपीट के बाद दोनों उसे जगतपुरा पुलिया के पास पटक कर चले गए। जहां बाइक सवार दो युवकों ने मदद कर निर्मल को घर पहुंचाया।
पर्चा बयान देने के बाद पीडि़त की अस्पताल में तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने बताया कि गुरूवार रात को उपचार के दौरान निर्मल ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक मिश्रा व ठेकेदार के बीच शराब पीने के बाद लेन—देन को लेकर झगड़ा होने की जानकारी सामने आई है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।