मानसरोवर इलाके में मध्यम मार्ग पर 10 मार्च की देर रात को हुई 75 वर्षीय होटल व्यवसायी राजनारायण सक्सेना और उनके 44 वर्षीय बेटे सौरभ सक्सेना की हत्या में एक नया खुलासा हुआ है।
वारदात में शामिल मुख्य आरोपी राकेश मीणा उनकी लिव इन रिलेशनशिप पार्टनर महिला गीता देवी व रमेश बैरवा ने लूट के इरादे से पिता—पुत्र की हत्या करना कबूल किया है। मामले में मानसरोवर थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह राणावत के नेतृत्व में गठित टीम ने 19 मार्च को राकेश मीणा, रमेश बैरवा व गीता को गिरफ्तार किया था।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) जयपुर मनीष अग्रवाल के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी राकेश ने बताया था कि मृतक सौरभ द्वारा उसकी 5 वर्षीय बेटी के साथ गलत हरकत करने को लेकर सौरभ व उसके पिता की हत्या की थी। अनुसंधान में सामने आया कि हत्या लूट के इरादे से हुई थी। हत्या के बाद आरोपियों ने वहां रखे करीब दो लाख रूपये से भी अधिक कीमत के जेवरात, मोबाईल फोन, टेप व नकदी चुराए थे। इसके बाद मानसरोवर में ही मौजूद रहकर लगातार पुलिस की गतिविधियों व घटना स्थल मकान पर नजर रखे हुऐ थे।
दूसरी महिला मित्र गीता के साथ भी लिव-इन-रिलेशनशिप में था
double murder case
- फोटो : Demo pic
14 मार्च 2017 तक घटना के बारे में किसी को पता नहीं चला। तब दोपहर करीब 11 से 12 बजे राकेश व गीता दोबारा मकान पर गये और टीवी, सीपीयू, मोनिटर, प्रोजेक्टर, वीडियो कैमरा इत्यादि चुराकर ले गए थे। अभियुक्त राकेश ने अपने साथी रमेश व गीता के साथ मिलकर करीब दो माह पहले ही सौरभ सक्सैना व उसके पिता राजनारायण सक्सैना के साथ शराब पार्टी करने तथा नशे में होने पर दोनों की हत्या करके जेवरात व नकदी चुराने की योजना बना ली थी।
आरोपी राकेश मीणा ने स्वयं को उनियारा जिला टोंक का रहने वाला तथा माता—पिता का नहीं होना बताया था परन्तु अनुसंधान में पता चला कि राकेश के माता—पिता जिंदा है और वह मूल रुप से इंद्रगढ़, उनियारा थाना सौंफ जिला टोंक का है। राकेश मीणा गत 10 साल से मोहनी देवी के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रह रहा था। जिससे उसके एक पुत्री है। इसके अलावा राकेश मीणा दूसरी महिला मित्र गीता उर्फ पूजा मीणा के साथ भी लिव-इन-रिलेशनशिप में था। गीता मीणा के पहले वाले पति धनराज मीणा से एक पुत्र व एक पुत्री है। गीता की इस बेटी से ही राकेश छेड़छाड़ का आरोप लगा रहा था।