अलवर पुलिस ने बीएसएफ से बर्खास्त दो जवानों को सोमवार को गिरफ्तार किया है। इन पर अलवर में मिठाई व्यवसायी के गोदाम में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट करने और फिर व्यवसायी को रुपयों की वसूली के लिए जान से मारने की धमकियां देने का आरोप है।
एसपी राहुल प्रकाश ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी तार मोहम्मद है, जो अलवर जिले में किशनगढ़ स्थित शेखपुर का रहने वाला है। जबकि,आरोपी विकास यादव अलवर जिले में शिवाजी पार्क कॉलोनी का रहने वाला है। इनके खिलाफ इंदिरा कॉलोनी अलवर निवासी नारायण सिंह राजपुरोहित ने अलवर के कोतवाली थाने में रविवार को मुकदमा दर्ज करवाया था।
रिपोर्ट में बताया कि नारायण सिंह की नंगली सर्किल पर जोधपुर स्वीट होम के नाम से दुकान है। आरोपी अपने चार साथियों के साथ 24 मार्च को रात करीब 8:30 बजे नारायण सिंह के मिठाई के गोदाम पर पहुंचे। जहां उन्होंने कर्मचारियों से मारपीट कर कमरे में बंद कर दिया। उनके मोबाइल फोन व एक हजार रुपए छीन लिए। बदमाशों ने नारायण सिंह की मां से अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद आरोपियों ने फोन कर नारायण सिंह से रुपयों की वसूली की मांग की और इंकार करने पर गोली चलाकर जान से मारने की धमकियां दी।
जांच सबइंस्पेक्टर किशनलाल को सौंपी गई। थानाप्रभारी रामसिंह ने बताया कि दोनों बदमाश अपने गिरोह के साथ मिलकर विवादित मामलों में एक पक्ष से रुपए लेकर दूसरे पक्ष को धमकाते है। रुपयों की वसूली करते है। तार मोहम्मद पहले भी नेहरु गार्डन में फायरिंग कर चुका है। विकास यादव व तार मोहम्मद के खिलाफ अलवर के कोतवाली, एनईबी व मालाखेड़ा थाने में मुकदमे दर्ज है।