देश में नोटबंदी को करीब पांच माह बीत चुके है, लेकिन अभी भी मोटे कमीशन पर पुराने नोट बदलने का खेल जयपुर में चल रहा है। यह मामला तब उजागर हुआ जब बुधवार शाम को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट की सेज थाना पुलिस ने तीन व्यक्तियों को करीब 20 लाख 93 हजार रुपए के पुराने नोटों के साथ पकड़ा।
पकड़े गए तीनों व्यक्तियों से पूछताछ हुई तो सामने आया कि यह पुराने नोट 70 प्रतिशत कमीशन पर बदले जाने थे। यानी पुराने नोटों की एवज में 6 लाख 30 हजार रुपए के नए नोट दिए जाने थे। इससे पहले ही एसीपी वैशाली नगर रामावतार सोनी के नेतृत्व में सेज थानाप्रभारी गयासुद्दीन, सबइंस्पेक्टर राजेश बुढानिया, एएसआई कैलाशचंद, कांस्टेबल मोतीलाल,हरिशंकर व राजेश की टीम ने नोट बदलने जा रहे तीनों व्यक्तियों को दबोच लिया।
डीसीपी पश्चिम अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि पकड़े गया बाइक चालक श्याम सुंदर शर्मा निवासी मंडावरी, दौसा तथा उसका साथी लवाण दौसा निवासी बबलू है। जिनसे रुपयों से भरा बैग बरामद किया है। इसके अलावा बोलेरो सवार सवाईमाधोपुर हाल महारानी फार्म, दुर्गापुरा निवासी अश्विनी अग्रवाल है। इनसे एक बैग में भरे नोटों को जब्त कर लिया है। उनकी बोलेरो जीप व बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस को सेज इलाके में पुराने नोट बदले जाने की सूचना मिली थी। तब पुलिस टीम ने 200 फीट रोड पावर हाउस के पास नाकाबंदी करवाई। तब बाइक सवार दोनों युवक और बोलेरो सवार व्यक्ति अजमेर हाइवे की तरफ से आते नजर आए। वे पुलिस को देखकर वापस भागने लगे। तब पुलिस ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।