कोटा में नशे में पति ने पत्नी को गर्म तवे से जलाया, शराब के पैसे नहीं देने पर दागा
- फोटो : अमर उजाला डिजिटल
कोटा निवासी पीड़ित महिला भूली बाई 27 साल की है और आंवली इलाके की रहने वाली है। पीड़िता के मुताबिक उसकी शादी को 11 साल हो चुके हैं। पति के खिलाफ कोटा के आरके पुरम थाने में दी गई शिकायत में उसने बताया है कि वह आरके पुरम इलाके में रहती है। पति सत्यनारायण आए दिन शराब के नशे में उसे बेरहमी से मारता-पीटता है। पीड़िता का आरोप है कि दारू के नशे में पति ने उसे गरम तवे से जला दिया। महिला ने पुलिस को बताया कि पति सत्यनारायण कंस्ट्रक्शन लाइन में आरसीसी का काम करता है। वह शराब पीने का आदि है और शराब पीने के लिए उससे रुपए मांगता है। रुपए नहीं देने पर झगड़ता है, गालियां देता है और मारपीट करता है।
गरम तवे से हाथों और कमर के पास बॉडी को जलाया
पीड़िता भूली बाई ने बताया कि 3 दिन पहले पति सत्यनारायण शराब पीकर देर रात घर आया और उससे झगड़ने लगा। पति उस पर शक भी करता है। झगड़ा करते हुए पति ने उससे मारपीट की, फिर गरम तवे से उसके हाथों और कमर के आस-पास बॉडी को जला दिया। घटना के बाद भूली बाई ने अपने साथ हुई इस दरिंदगी की जानकारी पीहर में दी। तब पुलिस को सूचित करने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार किया गया। बुधवार को कोटा के एमबीएस अस्पताल में एडमिट कर लिया गया। पुलिस थाने पर शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने पति को पकड़ लिया है। भूली बाई ने बताया कि उसकी दो बेटियां हैं। अस्पताल के बर्न वार्ड में उसका ईलाज चल रहा है।