कांग्रेस के सदस्यता अभियान के प्रभारी मुमताज मसीह ने अजमेर क्लब में पत्रकारों से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि राजस्थान स्वैच्छिक क्षेत्र विकास केंद्र के अध्यक्ष मुमताज मसीह ने कहा कि भाजपा के आंकड़े फर्जी हैं। भाजपा मिस कॉल पर सदस्यता देकर आमजन को मिसगाइड कर रही है।
उन्होंने कहा कि बीजेपी विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी होने का दावा फर्जी और बेमानी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एक शताब्दी से अधिक समय का गौरवमयी इतिहास रहा है और कांग्रेस विश्व की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक राजनीतिक पार्टी है। कांग्रेस का स्वतंत्रता संग्राम में उल्लेखनीय योगदान था और कांग्रेस का स्वतंत्रता संग्राम से लेकर आज तक बलिदान का इतिहास रहा है।
मसीह ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा 'मिस कॉल दो सदस्य बनो' अभियान पर तंज कसते हुए कहा कि आज किसी भी व्यक्ति के मोबाइल से मिस कॉल देने से वह भाजपा का मेंबर बन सकता है। जबकि कांग्रेस में डिजिटल और मैनुअल सदस्यता में सदस्य का वोटर आईडी नंबर सहित समस्त विवरण अंकित होता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता गांव-गांव ढाणी-ढाणी जाकर कांग्रेस की रीति-नीतियों को आमजन तक पहुंचाएंगे और सदस्य बनाएंगे।
सदस्यता अभियान के बाद बनाए जाएंगे ब्लॉक अध्यक्ष
उन्होंने कहा कि राजस्थान सरकार द्वारा राजनीतिक नियुक्तियों का सिलसिला शुरू हो गया है और सदस्यता अभियान के बाद जिला अध्यक्ष और ब्लॉक अध्यक्ष बनाए जाएंगे। सदस्यता अभियान के प्रभारी मुमताज मसीह का अजमेर क्लब में पूर्व विधायक डॉ. राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में साफा और माला पहनाकर भव्य स्वागत किया गया।