राजस्थान में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को पार्टी में वंशवाद का डर सता रहा है। इस डर को उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी के सामने जाहिर किया।
राजस्थान में पार्टी की स्थिति का फीडबैक लेने आए राहुल गांधी से कार्यकर्ताओं ने कहा कि युवाओं को टिकट देने के मामले में कहीं नेताओं के बेटे-बेटियों का ध्यान तो नहीं रखा जाएगा।
राज्य दौरे के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को राहुल जयपुर में नेताओं से रूबरू हुए।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक यहां पर राहुल से धौलपुर के नेताओं ने युवाओं को टिकट देने में वंशवाद की आशंका जताई।
मुख्यमंत्री की शिकायत
साथ ही करौली के नेताओं ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाए कि वे फीडबैक लेने के नाम पर जिलों का दौरा करते हैं, लेकिन स्थानीय नेताओं से मिलने के बजाए अफसरों से फीडबैक लेते हैं।
अजमेर के कुछ नेताओं ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट ने अजमेर संभाग में ब्लॉक व जिला स्तर पर ऐसे नेताओं को पद दिलवाए हैं, जो कांग्रेस को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
जयपुर के नेताओं ने लालचंद कटारिया के लिए कहा कि वे केंद्र में मंत्री हैं, जयपुर ग्रामीण कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भी बने हुए हैं।
राहुल ने भी स्पष्ट किया कि जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को नजर अंदाज नहीं किया जाना चाहिए। सरकार और संगठन के बीच सही सामंजस्य ही पार्टी को मजबूती देगा।
राहुल ने साधा भाजपा पर निशाना
राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा कि भाजपा राजनीतिक फायदा उठाने के लिए कांग्रेस पर सीबीआई की कार्रवाई में दखल देने का आरोप लगा रही है, जबकि सीबीआई ने कांग्रेस के लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की है।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अब आमजन को भोजन का अधिकार योजना लाने के भी प्रयास कर रही है, लेकिन भाजपा इसमें बाधाएं खड़ी कर रही है।
राहुल ने कहा कि कार्यकर्ताओं के बातचीत के दौरान कई समस्याएं सामने आई हैं, लेकिन हंसते हंसते इनका समाधान कर लिया जाएगा।