अभय कमांड सेंटर में सीएम वसुंधरा राजे
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के सबसे बड़े हाईटेक कंट्रोल रूम का उद्घाटन गुरुवार को मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने किया। इस कंट्रोल रूम को अभय कमांड सेंटर नाम दिया गया है। जयपुर पुलिस कमिश्नरेट के प्रथम तल में बनाया गया कंट्रोल रूप अपने आप में इतना खास और सुविधा सम्पन्न है कि शहर के चप्पे चप्पे पर इससे नजर रखी जा सकेगी। इससे अपराध के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंचने के साथ ही त्वरित कार्रवाई कर सकेगी।
इस कंट्रोल रूम को संचालित करने के लिए कई आधुनिक इंतजाम किए गए हैं। कमांड सेंटर शहर में 464 कैमरों की मदद से हर पल एक साथ कई जगह की निगरानी की जा सकेगी। कंट्रोल में एक कॉल सेंटर भी बनाया गया है। जिसमें सोलह से अधिक फोन लाइनें दी गई हैं, जिससे फोन पर सम्पर्क किए जाने में किसी तरह की परेशानी न आए। इसके अलावा कंट्रोल रूम में एक बड़ी स्क्रीन भी लगाई गई है, जो कैमरों में कैद हो रहे नजारों को दिखा सकेगी।
माना जा रहा है कि इस कंट्रोल रूम के शुरू होने के बाद अपराधियों पर लगाम लगाई जा सकेगी। खास तौर पर उन अपराधियों पर जो अपराध कर शहर से भाग जाते हैं। जगह जगह कैमरों की तैनाती और उसकी निगरानी से इन्हें पकड़ा जा सकेगा। इसी के साथ ही वीडियो सर्विलांस, इंटीग्रेड मैनेजमेंट सिस्टम, जीपीएस ट्रेकिंग सिस्टम समेत कई सुविधाएं भी मौजूद होंगी।
कंट्रोल रूम के उद्घाटन के मौके पर सीएम वसुंधरा राजे के साथ ही गृह मंत्री गुलाब चंद कटारिया, डीजीपी मनोज भट्ट, महापौर अशोक लाहोटी, पुलिस कमिश्नर संजय अग्रवाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे।