राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत
- फोटो : फाइल
पंजाब के सियासी संकट के बीच राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कैप्टन अमरिंदर सिंह को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा- कुछ नेता, जो मुख्यमंत्री बनने की दौड़ में होते हैं, उनकी नाराजगी मोल लेकर ही मुख्यमंत्री का चयन किया जाता है। परन्तु वही मुख्यमंत्री को बदलते वक्त हाईकमान के फैसले से नाराज होकर गलत ठहराने लग जाते हैं। ऐसे क्षणों में अपनी अंर्तरात्मा को सुनना चाहिए।
बता दें, राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का ट्वीट ऐसे समय पर आया है, जब पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। वहीं देर रात खुद सीएम गहलोत के ओएसडी लोकेश शर्मा ने भी पंजाब संकट के चलते अपना त्यागपत्र उन्हें सौंप दिया है।
गहलोत बोले- कैप्टन सम्मानित नेता
ट्वीट में सीएम गहलोत ने लिखा है कि 'मुझे उम्मीद है कैप्टन अमरिंदर सिंह ऐसा कोई कदम नहीं उठाएंगे जिससे कांग्रेस पार्टी को नुकसान हो। वे सम्मानित नेता हैं। आगे भी पार्टी का हित आगे रखकर कार्य करते रहेंगे।'
फासिस्ट ताकतें चिंता का विषय
अशोक गहलोत ने लिखा देश फासिस्ट ताकतों के कारण किस दिशा में जा रहा है, यह सभी देशवासियों को लिए चिंता का विषय है। हमें अपने से ऊपर उठकर पार्टी व देश हित में सोचना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि हाईकमान को कई बार विधायकों एवं आमजन से मिले फीडबैक के आधार पर पार्टी हित में निर्णय करने पड़ते हैं।