मुख्यमंत्री अशोक गहलोत बुधवार को दिल्ली में एआईसीसी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में संघ और भाजपा पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि धर्म के नाम पर ये लोगों को भड़का रहे हैं, सोचिए इनकी सोच क्या है। क्या हिंदू धर्म के नाम पर ये हिंदू राष्ट्र बनाकर इस देश को एक और अखंड रख पाएंगे?
युवाओं को भड़का रही भाजपा
उन्होंने अग्निपथ योजना पर भी टिप्पणी की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि पहले तो केंद्र सरकार की ओर से अग्निपथ जैसी योजना सेना भर्ती में लागू की। देश में इतना उत्पात मचा है। हम लोग उनसे अपील कर रहे हैं की आगजनी तोड़फोड़ हम पसंद नहीं करते। अगर किसी को बात रखनी है तो वह शांतिपूर्वक तरीके से रखे और हिंसा न करें। केंद्र लोगों को भड़का रही है। कह रही है जिन्होंने आंदोलन में भाग लिया है, उन्हें अग्निपथ के जरिए भर्ती नहीं दी जाएगी, भर्ती से पहले सर्टिफिकेट मांगे जाएंगे।
सीएम गहलोत ने राष्ट्रपति चुनाव लेकर कहा कि पूरे देश से विधायकों को दिल्ली में बुलाए जाने के पीछे कारण कांग्रेस की सॉलिडेरिटी का प्रदर्शन करना तो है ही, इसके साथ ही राष्ट्रपति चुनाव के लिए विधायक प्रस्तावक बनने दिल्ली पहुंचे हैं।