पीएम मोदी के साथ सीएम गहलोत की बैठक। (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
राजस्थान सीएम गहलोत ने कहा- किसानों की आय दोगुनी करने, हर परिवार को अपना घर देने और 5 ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के के वादे मोदी ने अलग-अलग समय पर किए थे। साल 2022 खत्म हो गया, लेकिन वो वादे पूरे नहीं हुए। उन वादों का क्या हुआ?
आशा है मोदी सरकार इन आश्वासनों को पूरा करने का प्रयास करेगी
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अलग-अलग वादे याद दिलाते हुए कहा- इन बातों की जवाबदेही को लेकर मीडिया में भी कोई चर्चा नहीं हो रही है, आशा करते हैं कि देश हित में नए वर्ष 2023 में मीडिया भी देश को बोले गए इन झूठों पर संज्ञान लेगा। मोदी सरकार भी इन आश्वासनों को पूरा करने का प्रयास करेगी।
राहुल गांधी ने असमानता का एक जरूरी मुद्दा उठाया -गहलोत
गहलोत ने कहा- राहुल गांधी ने शनिवार को प्रेस वार्ता करके असमानता का एक जरूरी मुद्दा उठाया है, क्योंकि देश में अमीर और गरीब के बीच खाई बढ़ती जा रही है। अमीर की संपत्ति लगातार बढ़ती जा रही है। लेकिन गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों के लिए घर चलाना तक मुश्किल होता जा रहा है। अब वक्त आ गया है कि मोदी सरकार अपनी नीतियों में बदलाव कर गरीब और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखकर काम करें। ऑक्सफैम की रिपोर्ट के मुताबिक भारत के 1 फ़ीसदी अमीर लोगों की संपत्ति बाकी 70 फ़ीसदी आबादी से भी ज़्यादा है।
किसानों की आय दोगुनी करने और पक्के आवास का किया था वादा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था इसके साथ ही 19 मार्च 2021 को भी केंद्र सरकार ने वर्ष 2022 तक देश के सभी आवासहीन इन परिवारों को पक्का मकान देने का वादा किया था।
केंद्र की मोदी सरकार पर लगातार हमलावर गहलोत
मुख्यमंत्री अशोक गहलोत केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमलावर हैं। पहले भी गहलोत नोटबंदी, जीएसटी, कोरोना प्रबंधन, अग्निपथ स्कीम, केंद्रीय एंजेंसियों जैसे मुद्दों को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साध चुके हैं।