जेएनयू से उठे विवाद को लेकर जयपुर स्थित राजस्थान विश्वविद्यालय में शुक्रवार को एबीवीपी और एनएसयूआई के कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। प्रदर्शन के दौरान छात्रों को खदेड़ने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।
दरअसल एबीवीपी और एनएसयूआई छात्र संगठनों ने जेएनयू मुद्दे को लेकर अलग-अलग रैलियां निकाली थी। दोनो रैलियां जब विश्वविद्यालय के मुख्यद्वार पर पहुंची, तो दोनों संगठन एक-दूसरे के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
इसके बाद स्थितियां बिगड़ गईं और छात्र आपस में लाठियां बरसाने लगे। छात्रों ने एक-दूसरे पर स्याही फेंकने की भी कोशिश की। इस बीच प्रदेश भाजपा ने कहा कि शनिवार को जयपुर के विभिन्न वार्डों में राहुल गांधी के पुतले जलाए जाएंगे। मुख्य कार्यक्रम में राहुल गांधी का 40 फुट ऊंचा पुतला दहन किया जाएगा।