राजस्थान के जयपुर निवासी ग्यारहवीं कक्षा के छात्र यथांश कुलश्रेष्ठ ने विश्व के किशोरों की शीर्ष गूगल कोड-इन प्रतियोगिता जीती है। इस उपलब्धि को हासिल करने वाले वह राजस्थान से पहले छात्र है। यह प्रतियोगिता सात दिसंबर से 25 जनवरी के बीच हुई थी।
इसका परिणाम आठ फरवरी को घोषित किया गया। इस प्रतियोगिता में 2700 कंप्यूटर साइंस के बच्चों ने दुनिया भर से हिस्सा लिया था। यथांश ने सिर्फ 49 दिनों में गूगल के 40 टास्क को पूरा किया। गूगल की ओर से आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय स्तरीय प्रतियोगिता में 12वीं कक्षा तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया था।
98 देशों से छात्र इस प्रतियोगिता में शामिल होने आए थे। इस प्रतियोगिता का मकसद ओपन सोर्स सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट में वैल्यू एड करना है। इस प्रतियोगिता में समस्या का विश्लेषण करना और सही समाधान के बारे में सुझाव देना शामिल होता है।
उन्हें जून 2016 में अमेरिका के कैलिफोर्निया में स्थित गूगल के मुख्यालय में पुरस्कार लेने के लिए निमंत्रण दिया गया है। यथांश का कहना है, ‘मेरा हमेशा यह सपना रहा है। मैं उम्मीद करता हूं कि गूगल मुख्यालय की यात्रा बहुत प्रेरणादायक होगी।’ यथांश के पिता भुवनेश कुलश्रेष्ठ भारतीय राजस्व सेवा के अधिकारी हैं।