चित्तौड़गढ़ शहर में मंगलवार को व्यवसायी रमेश ईनाणी की गोली मारकर हत्या करने के मामले में थाना कोतवाली और सदर साइबर सेल व डीएसटी की संयुक्त कार्रवाई हुई। इसमें अज्ञात हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और तीन ज़िंदा कारतूस जब्त किए। गिरफ्तार आरोपित से और भी अनुसंधान जारी है।
पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि मंगलवार को सिटी पेट्रोल पंप के पास व्यापारी रमेश ईनाणी पर अज्ञात बाइक सवार हमलावर ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। इसमें गीतांजलि हॉस्पिटल, उदयपुर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। रमेश ईनाणी के पुत्र की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली चित्तौड़गढ़ में प्रकरण दर्ज किया गया।
इन टीमों ने ह्यूमन इंटेलिजेंस का प्रयोग करते हुए अज्ञात हमलावर की तलाश कर उसे नामजद किया। पुलिस ने हमलावर की पहचान उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के चितईपुर, पोस्ट सुंदरपुर, हिन्दू विश्वविद्यालय निवासी मनीष कुमार उर्फ कमल पुत्र हीरालाल दूबे के रूप में की। बाद में हमलावर मनीष कुमार दूबे को सूरजपोल से गोपालनगर की ओर आने वाले रास्ते पर बाइक सहित दस्तयाब किया गया।
इलाज के दौरान रमेश चंद्र ईनाणी की मृत्यु हो जाने से पोस्टमार्टम करवाकर शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मामले में आरोपित मनीष कुमार दूबे को पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे 18 नवंबर तक पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस ने आरोपित मनीष कुमार दूबे की सूचना पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल और तीन ज़िंदा कारतूस बरामद कर लिए हैं। मामले में आरोपी से पूछताछ जारी है।
गले नहीं उतर रहा हत्या का कारण