लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने मंगलवार को बूंदी में 123 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने मल्टीपरपज़ इंडोर स्टेडियम, अमृत 2.0, जल जीवन मिशन के तहत पेयजल योजनाओं सहित कई परियोजनाओं की सौगात दी और सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ किया।
यह भी पढ़ें- दुष्कर्म पीड़िता से मिले पूर्व CM अशोक गहलोत, सरकार पर बरसे; पीएम मोदी के दौरे पर भी खूब बोले
ग्रामीण अंचल की तरक्की के लिए सड़क और पुलों का निर्माण प्राथमिकता में है। मंगलवार को जिन 16 कार्यों की नींव रखी गई, उनमें ठीकरियाकलां में मेज नदी पर पुल, एनएच-52 से कैथूदा तक सड़क और कई ग्रामीण मार्ग शामिल हैं। 44 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली ये सड़क और पुलियाएँ ग्रामीण कनेक्टिविटी को और मजबूत करेंगी।
बिरला ने कहा कि बूंदी की ऐतिहासिक धरोहरें और प्राकृतिक सौंदर्य इसे पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र बनाते हैं। आने वाले वर्षों में 400 करोड़ रुपये के निवेश से बूंदी को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि फिल्म उद्योग के लिए बूंदी आकर्षण का बड़ा केंद्र बन सकता है। साथ ही एग्रो-बेस्ड इंडस्ट्री और पत्थर उद्योग के क्षेत्र में भी यहां अपार संभावनाएँ हैं।
उन्होंने कहा कि विकास केवल ईंट और पत्थर का काम नहीं है, बल्कि आमजन के जीवन स्तर को सुधारने का संकल्प है। संकट और आपदा के समय जनता के साथ खड़े रहना ही राजनीति की असली पहचान है। उन्होंने आश्वासन दिया कि किसानों को फसल नुकसान और मकानों के गिरने पर 100 प्रतिशत मुआवजा मिलेगा।