श्रीगंगानगर में भारत-पाक बॉर्डर पर कैलाश पोस्ट के नजदीक पाकिस्तान की ओर से बीती रात भारतीय सीमा में एक बार फिर मादक पदार्थों की तस्करी की कोशिश की गई। अलर्ट मोड पर चल रही BSF ने ड्रोन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। फायरिंग देख ड्रोन उड़न छू होकर पाकिस्तान में घुस गया।
बीती रात पाकिस्तान की तरफ से एक बार फिर श्रीगंगानगर जिले में ड्रोन के माध्यम से हेरोइन तस्करी की कोशिश की गई। बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन पर हवाई फायरिंग की बौछार की तो कैमरा लगा ड्रोन अटैक होते देखकर वापस पाक सीमा में उड़कर चला गया।
बीएसएफ से मिली जानकारी के मुताबिक घटना रात करीब 11:30 बजे की है। तब बीएसएफ के जवान मुस्तैदी से बॉर्डर पर गश्त लगा रहे थे। भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कैलाश पोस्ट के नजदीक बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स के जवानों को पाकिस्तान की तरफ से ड्रोन आने की आवाज सुनाई दी। आसमान में नाइट विजन से देखा तो ड्रोन जीरो लाइन क्रॉस कर भारतीय बॉर्डर के हवाई क्षेत्र में घुस आया था। इस पर बीएसएफ के जवानों ने ड्रोन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। लगभग 25 राउंड फायर होने पर पाकिस्तानी ड्रोन वापस लौट गया।
इस घटना के बाद बीएसएफ और राजस्थान पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी कर रात भर सर्च ऑपरेशन चलाया। ज्वाइंट टीमें ये पता लगाने की कोशिश कर रही थीं कि ड्रोन से हेरोइन की खेप फेंकी गई या नहीं। इसके साथ ही मादक पदार्थों की डिलीवरी लेने आने वाले संदिग्ध तस्करों की तलाशी के लिए भी सर्च किया गया। फिलहाल सर्च अभियान जारी है और इलाके में कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हो सका है।
11 जून की रात को भी मार गिराया था पाकिस्तानी ड्रोन
इससे पहले रविवार 11 जून की रात को भी बीएसएफ ने श्रीगंगानगर में पाकिस्तान की तरफ से आए ड्रोन को भारतीय सीमा में घुसते ही मार गिराया था। राजस्थान पुलिस के सूत्रों ने इस खबर की पुष्टि की थी। यह घटना श्री गंगानगर के करणपुर में गांव 23-O में हुई थी। मई महीने में भी करणपुर में ड्रोन का मूवमेंट देखा गया था। तब एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया था और खेत में गिरे हेरोइन के 2 पैकेट भी बरामद किए गए थे।