सीकर जिले के लोसल थाना इलाके के मंगरासी गांव के पास हुए एक हादसे में 2 दोस्तों की मौत हो गई, जबकि 4 गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार अजमेर निवासी 6 दोस्त रविवार को छुट्टी के दिन बोलेरो गाड़ी से खाटू श्यामजी और जीण माता के दर्शन के लिए निकले थे। दर्शन कर सभी अजमेर वापस लौट रहे थे। इस दौरान लोसल के कोटपूतली कुचामन हाईवे पर मौजूद मंगरासी गांव के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर एक खाई में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के भी परखच्चे उड़ गए।
हादसे में गाड़ी में सवार 6 दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें एंबुलेंस की मदद से लोसल सीएचसी लाया गया। जहां डॉक्टरों ने 2 को मृत घोषित कर दिया और चार अन्य दोस्तों को गंभीर हालत में सीकर रेफर कर दिया।
लोसल पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे में कैलाश नागर पुत्र हरिराम नागर (30) और रामस्वरूप पुत्र रामनिवास (35) की मौत हो गई। वहीं, जय सिंह पुत्र गणपत सिंह (28), प्रवीण पुत्र उगम सिंह (30), गोपाल पुत्र रामलाल (35), गोविंद पुत्र गिरधारी लाल (45) गंभीर रूप से घायल हो गए।
2 गंभीर घायलों को जयपुर किया गया रेफर
हादसे में चार दोस्त घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सीकर के कल्याण अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां दो घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया।