काले हिरण शिकार प्रकरण में फिल्म अभिनेत्रियां तब्बू, सोनाली बेंद्रे और नीलम को शुक्रवार को जोधपुर की निचली अदालत में पेश होना होगा। यहां इनकी चश्मदीद गवाह से पहचान करवाई जाएगी।
फिल्म हम साथ-साथ हैं की शूटिंग के दौरान वर्ष 1998 में फिल्म अभिनेता सलमान खान व सैफ अली खान के साथ ये तीनों अभिनेत्रियां भी शिकार प्रकरण की आरोपी हैं।
जोधपुर के नजदीक कांकाणी क्षेत्र में वर्ष 1998 में 1 और 2 अक्टूबर की मध्य रात को दो काले हिरणों का शिकार हुआ था और इस मामले में जोधपुर की एसीजेएम अदालत में सुनवाई चल रही है।
हालांकि इस मामले में सभी आरोपियों को हाजिरी माफी मिली हुई है, लेकिन अदालत ने चश्मदीद गवाह से चहरे पहचानने के लिए पेश होने के निर्देश दिए हैं।
सलमान और सैफ को इस पेशी से इसलिए छूट मिली कि उनके चेहरे जाने पहचाने हैं। तीनों आरोपी अभिनेत्रियां जोधपुर पहुंच चुकी हैं।