राजस्थान के पूर्व खादी राज्य मंत्री बाबूलाल नागर पर लगे दुष्कर्म के आरोप की परतें अब सीबीआई खोलेगी। सीबीआई ने राज्य सरकार के नागर मामले की जांच की सिफारिश को मान लिया है।
सूत्रों के अनुसार राजस्थान सरकार के आग्रह और केन्द्र सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के बाद सीबीआई ने बुधवार को एक मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
इस बीच नागर ने दोपहर बाद सरकारी आवास खाली करना शुरू कर दिया।
पीड़िता का आरोप है कि पूर्व मंत्री बाबूलाल नागर ने 10 सितम्बर को सरकारी बंगले में दुष्कर्म तथा मारपीट की। इस्तगासे के आधार पर थाने में इस मामले की एफआईआर घटना के दो दिन बाद दर्ज हुई थी।
सीबीआई से पूर्व इस मामले की जांच सीआईडी-सीबी कर रही थी। जांच के दौरान ही बलात्कार के आरोपों का सामना कर रहे नागर को मंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ा था।
सीबीआई ने नागर पर भारतीय दंड संहिता की धारा 323 और 376 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इस सिलसिले में जल्द ही नागर से पूछताछ की जाएगी।