यूक्रेन में फंसे प्रवासी राजस्थानियों और विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी में सहायता के लिए भाजपा ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। नंबर जारी कर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां ने कहा कि इसके जरिए भाजपा यूक्रेन में फंसे लोगों की मदद करने का हरसंभव प्रयास करेगी। यूक्रेन में फंसे बच्चे या उनके परिजन हेल्पलाइन नंबर 8929208080 पर कॉल कर सकते हैं।
डॉ. पूनिया ने कहा कि केंद्र सरकार ने यूक्रेन से प्रवासी भारतीयों और प्रवासी राजस्थानियों को वापस लाने के लिए मिशन गंगा की शुरुआत की है। इसके लिए भारतीयों को वापस लाने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यूक्रेन से भारतीयों की सकुशल वापसी के लिए पीएम मोदी ने रोमानिया, पोलैंड और टोक्यो की सरकारों से बात की है। साथ ही केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी, ज्योतियाराज सिंधिया, किरण रिजूजू और जनरल वीके सिंह को मिशन गंगा की जिम्मेदारी देकर भेजा है।
पूनिया ने बताया कि राजस्थान भाजपा ने यूक्रेन में फंसे राजस्थानी लोगों और विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन शुरू की है। यूक्रेन में फंसे राजस्थानियों के परिजनों के कॉल और व्हाटसअप मैसेज हमारे पास आ रहे हैं। इन सूचनाओं को एकत्रित कर केंद्रीय टीम के साथ निरंतर संपर्क और संवाद किया जा रहा है। यह हेल्पलाइन नंबर 24 घंटे लोगों की मदद के लिए चालू रहेगा।
पूनिया ने कहा कि हम लोग राज्य के सभी जिलों में एक-एक संयोजक बनाकर, सांसदों, विधायकों और पदाधिकारियों के साथ भी संपर्क में रहेंगे। जिलेवार विद्यार्थियों के आंकड़े एकत्रित करेंगे और सूचना के आधार पर सहायता उपलब्ध करवाने की भरपूर कोशिश की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे काम को केंद्रीय स्तर पर पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावडे प्रभारी के तौर पर देख रहे हैं। प्रदेश भाजपा की हेल्पलाइन टीम भी लगातार उनके संपर्क में रहेगी।
हेल्पलाइन शुभारंभ के मौके पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हिमांशु शर्मा, प्रदेश मंत्री अशोक सैनी, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष एम सादिक खान, प्रदेश मीडिया संयोजक पंकज जोशी, किसान मोर्चा राष्ट्रीय मंत्री शैलाराम सारण, बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ प्रदेश संयोजक राजेन्द्र सिंह शेखावत, व्यावसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश सह संयोजक नवनीत सिंह राजपुरोहित इत्यादि उपस्थित रहे।