फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

राजस्थान भाजपा प्रमुख मदन लाल सैनी का निधन, एम्स में ली अंतिम सांस

Tue, 25 Jun 2019 07:26 AM IST
Gaurav Pandey न्यूज डेस्क, अमर उजाला, जयपुर
विज्ञापन
मदन लाल सैनी - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी के प्रमुख मदन लाल सैनी का सोमवार शाम निधन हो गया। वह नई दिल्ली के एम्स (ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज) में भर्ती थे। सैनी फेफड़े में इंफेक्शन से पीड़ित थे। उन्हें शुक्रवार को एम्स दिल्ली लाया गया था। सैनी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई नेताओं ने शोक जताया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा एम्स पहुंचे हैं। 

विज्ञापन

 



बता दें कि पिछले कई दिनों से उनका स्वास्थ्य खराब चल रहा था। पहले उन्हें जयपुर में मालवीय नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष वसुंधरा राजे भी उनसे मुलाकात करने अस्पताल पहुंची थीं।
 

प्रधानमंत्री मोदी ने जताया शोक

प्रधानमंत्री ने सैनी के निधन पर शोक जताते हुए इसे भाजपा का बड़ा नुकसान कहा। प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, 'मदन लाल सैनी का निधन भाजपा परिवार के लिए बड़ा नुकसान है। उन्होंने राजस्थान में पार्टी को मजबूत बनाने में बड़ा योगदान दिया। उनके सामाज सेवा के प्रयासों और विनम्र व्यवहार के चलते उनका बहुत सम्मान था। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ओम शांति।'
विज्ञापन



वहीं, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने कहा, 'राज्यसभा सदस्य मदन लाल सैनी के आकस्मिक निधन से हैरान हूं। राजस्थान में विधाय, सांसद और भाजपा राज्य प्रमुख के रूप में अपने सार्वजनिक जीवन में उन्होंने सम्मान के साथ काम किया। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और समर्थकों के साथ हैं। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'


सैनी के निधन पर राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शोक जताया है। उन्होंने एक ट्वीट कर कहा, 'भाजपा के राजस्थान प्रमुख मदन लाल सैनी के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं। ईश्वर उनके परिजनों को यह कष्ट सहने की शक्ति दे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दे।'

बता दें कि मदन लाल सैनी का जन्म 13 जुलाई 1943 को हुआ था। वह भारतीय मजदूर संघ एवं भारतीय किसान मोर्चा से भी जुड़े रहे थे। वह चार अप्रैल 2018 को राज्यसभा सांसद चुने गए थे। पिछले साल जून में उन्हें भाजपा का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और छह बेटियां हैं।
 

विज्ञापन

कौन थे मदनलाल सैनी

मदन लाल सैनी के बारे में बताया जाता है वह जनसंघ के जमाने से राजनीति में सक्रिय थे। सैनी 1952 में राष्ट्रीय स्वयं संघ से जुड़े थे। एबीपी के प्रदेश मंत्री का पद भी उन्होंने संभाला था। आपातकाल में सैनी जेल में गए। 1990 में वे विधायक चुने गए। सैनी राजस्थान बीजेपी प्रदेश स्तर पर पार्टी संगठन में कई पदों पर रहे। 

सोमवार शाम करीब 5 बजे उनका निधन हुआ। उनका पार्थिव शरीर मंगलवार को राजस्थान ले जाया जाएगा, जहां अंतिम दर्शनों के लिए रखा जाएगा। सैनी राज्यसभा के सदस्य थे। उनके निधन पर शोक में मंगलवार को राज्यसभा भी स्थगित रहेगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें