राजसमंद में परिवर्तन यात्रा का विरोध।
- फोटो : social media
राजस्थान चुनाव में सत्ता वापसी के लिए शुरू हुई भाजपा की परिवर्तन यात्रा को अब तक कई बार विरोध का सामना करना पड़ा है। हर बार यात्रा विरोधियों के विरोध को दरकिनार कर निरंतर आगे बढ़ती रही है, लेकिन राजसमंद में यात्रा को अजीब विरोध देखने को मिला। राजसमंद पहुंची यात्रा को इस बार अपने ही कार्यकर्ताओं के विरोध का सामना करना पड़ा। अपने ही कार्यकर्ताओं ने यात्रा को घेर लिया। इतना ही नहीं एक शख्स तो यात्रा वाहन के आगे ही लेट गया।
यात्रा में शामिल बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया को कार्यकर्ताओं का भारी विरोध झेलना पड़ा। इस दौरान यात्रा में केंद्रीय मंत्री वीके सिंह भी मौजूद रहे। जैसे तैसे सतीश पूनिया ने कार्यकर्ताओं को समझाया और मामला शांत कराया।
जानकारी के अनुसार यात्रा चारभुजा क्षेत्र के कितेला गांव के रोड पर यात्रा को विरोध किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं की भीड़ ने परिवर्तन यात्रा के काफिले को घेर लिया। इस दौरान एक व्यक्ति तो काफिले की कार के सामने रोड पर लेट गया। पुलिस ने उठाया। ये नजारा देख यात्रा में शामिल सतीश पूनिया कार के बाहर आए और लोगों से बातचीत की। पूनिया ने सभी को कहा कि आप बीजेपी के कार्यकर्ता हैं, पीएम मोदी और बीजेपी जिंदाबाद के नारे लगाएं।
कार्यकर्ताओं ने रखी ये मांग
पूनिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कोई भी बात है तो पांच लोग आएं। प्रदेशाध्यक्ष से मीटिंग करवा दूंगा। वहां अपनी बात रख देना। दरअसल, कार्यकर्ताओं की मांग कुंभलगढ़ विधासभा से आगामी चुनाव में वर्तमान विधायक का चेहरा बदलने की थी। पुनिया से कार्यकर्ताओं ने कहा कि कुंभलगढ़ से उम्मीदवार बदला जाए।
बता दें राजसमंद में चार विधानसभा हैं। यह यात्रा नाथद्वारा, राजसमंद और कुंभलगढ़ विधानसभा से निकली। इस यात्रा में केंद्रीय मंदिर वीके सिंह, बीजेपी पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया, राजसमंद सांसद दिया कुमारी थी। हर जगह यात्रा का धूमधाम से स्वागत किया गया। सड़कों पर फूल बरसाए गए। यात्रा के स्वागत में स्थानीय विधायक, प्रधान सरपंच सहित अन्य लोग भी शामिल थे।