जयपुर जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति की बैठक।
- फोटो : अमर उजाला
जयपुर जिला विकास समन्वय और निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से सम्बंधित कार्यों का ब्यौरा पेश किया। बैठक के दौरान जयपुर शहर से बीजेपी सांसद रामचरण बोहरा जब अधिकारियों से सवाब-जवाब कर रहे थे, तो कई सवालों पर अधिकारी जवाब नहीं दे पाए। सांसद बोहरा ने अधिकारीयों को हिदायत दी कि अपने-अपने विभागों के कार्यों की जमीनी हकीकत जानने के लिए अधिकारीयों को अपने ए.सी. दफ्तरों से बाहर निकलना होगा।
अधिकारी मोहल्ले में एक जगह नल लगाकर वाहवाही लूटने में लगे हुए-बोहरा
पीडब्ल्यूडी के अधिकरियों से जब सांसद बोहरा ने केन्द्र सरकार की जल जीवन मिशन के अन्तर्गत दिए गए हर घर नल कनेक्शनों की वास्तविक जानकारी जाननी चाही, तो अधिकरियों की ओर से दिए गए आंकड़ों पर बोहरा ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की मंशा है, देश के हर घर में नल का पानी पहुंचे, लेकिन अधिकारी मोहल्ले में एक जगह नल लगाकर वाहवाही लूटने में लगे हुए हैं।
जौहरी बाजार में बिजली खम्भों से सूर्यचिन्ह हटाने की घटनाओं पर कलेक्टर लें संज्ञान-बोहरा
सांसद बोहरा ने स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत चल रहे कार्यों में अनियमितताओं को लेकर भी नाराजगी जताई। बोहरा ने परकोटे के जौहरी बाजार में बिजली के खंभों पर लग रहे सूर्यचिन्ह को हटाने की घटनाओं के लिए कलेक्टर को संज्ञान लेने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि किसी भी सूरत में जयपुर के हेरिटेज लुक से छेड़छाड़ नहीं की जाए।
जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन राठौड़, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा रहे मौजूद
दिशा की बैठक में जयपुर ग्रामीण सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौड, जिला प्रमुख रमा चौपड़ा, विधायकों समेत कई जन प्रतिनिधी और अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने जयपुर के विकास, जनसमस्या निवारण और हेरिटेज को लेकर अपने सुझाव दिए।