भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और प्रदेश प्रभारी अरूण सिंह ने शनिवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय पर प्रेसवार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि परिवर्तन संकल्प यात्रा से प्रदेश का जन-जन जुड़ रहा है। यात्रा के दौरान दुष्कर्म पीड़ित परिवार, कर्ज से तंग किसान समेत ऐसे लोग भी फरियाद लेकर आ रहे हैं जिनके परिवार के सदस्य की हत्या कर दी।
अरूण सिंह ने कहा कि पूर्वी राजस्थान से सरकार में सात मंत्री हैं। वहां भी परिवर्तन संकल्प यात्रा को जनता का अपार सहयोग और जनसमर्थन मिल रहा है। बाड़ी और नदबई में छोटी छोटी स्वागत सभाओं में पांच-पांच हजार लोग एकत्रित होकर परिवर्तन के नारे लगा रहे हैं। यात्रा को दलित वर्ग का भी समर्थन मिल रहा है। प्रदेश की जनता अशोक गहलोत सरकार से पूरी तरह त्रस्त है। प्रदेश में बीते दिनों में 14 संतों की हत्या हो गई, कई संतों ने प्रशासन से तंग आकर आत्महत्या कर ली।
अरूण सिंह ने कहा कि कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी राजस्थान आ रही हैं। वे वहीं जाती हैं जहां भाजपा सरकार नहीं है। मैं उनसे आग्रह करता हूं कि बीते कुछ दिनों में प्रदेश में 31 मासूमों के साथ दुष्कर्म और हत्या के वीभत्स अपराध हुए हैं। प्रियंका गांधी को उनके घर जाकर परिवार के सदस्यों को सांत्वना देनी चाहिए और उनका हाल जानना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री गहलोत जो गृहमंत्री भी हैं, उन्होंने कभी भी विधानसभा में कानून व्यवस्था को लेकर एक शब्द तक नहीं बोला। जब उनसे कानून व्यवस्था नहीं संभल रही तो उन्हें गृहमंत्री पद छोड़ देना चाहिए।
अरूण सिंह ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे राजस्थान आते हैं, लेकिन वे डीडवाना के उस दलित परिवार की पीड़ा में शामिल नहीं हुए जिनकी कुचल-कुचल कर हत्या कर दी गई। भीलवाड़ा भी नहीं गए जहां एक नाबालिग को दुष्कर्म के बाद भट्टी में डाल दिया। राहुल गांधी भी बांसवाडा आए, लेकिन किसी दुष्कर्म पीड़ित परिवार से मिलने नहीं गए।
अरूण सिंह ने कहा कि बीते 20 दिन की घटनाओं की बात करें तो धरियावद में एक दलित महिला को निर्वस्त्र करके घुमाया जाता है। धौलपुर में एक नाबालिग का अपहरण और दुष्कर्म किया जाता है। न्याय नहीं मिलने पर वह नाबालिग आत्महत्या कर लेती है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अधिकारियों पर कांग्रेस के नेताओं का दबाव है, जो उनके काले कारनामों का समर्थन नहीं करता उसका तबादला करा कर दिया जाता है। दुष्कर्म पीड़ित परिवारों पर समझौते के लिए दबाव बनाया जा रहा है। भाजपा सरकार बनते ही ऐसे मामलों की जांच कराई जाएगी, जिन पीड़ितों के साथ अन्याय हुआ है उन्हें न्याय दिलाया जाएगा।