युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
- फोटो : अमर उजाला
जिले के शेरूणा थाना इलाके के देराजसर गांव की ढाणी में एक युवक का शव मिलने से आसपास सनसनी फैल गई। युवक का ढाणी में शव मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक के गले को दबाकर उसकी हत्या की गई है।
इधर, हत्या के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मोर्चरी पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मोर्चरी के आगे धरने पर बैठ गए। फिलहाल देराजसर, सूडसर उपतहसील मुख्यालय पर बंद का आह्वान किया गया है। बीती रात को देराजसर गांव की ढाणी में महेन्द्र अपने परिवार के साथ सकुशल बातचीत करके अपने कमरे में सो गया था। सुबह जब उसके कमरे में किसी भी प्रकार की हलचल नहीं हुई तो परिजनों ने कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए तो सभी हतप्रभ रह गए। वह कमरे में मृत अवस्था में पड़ा मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस
परिजनों ने इसकी सूचना शैरूणा थाना पुलिस को दी। जिसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जब शव को करीब से देखा तो उन्हें शक हुआ। पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि दो युवक शुक्रवार को महेंद्र के पिता डूंगरराम भादू की ढाणी का पता पूछ रहे थे। इन युवकों ने कई जगह लोगों से महेंद्र के खेत के बारे में भी जानकारी ली है। ऐसे में पुलिस इन दोनों युवकों को संदिग्ध मानते हुए इनकी तलाश में जुटी हुई है।
कार्रवाई के दिये निर्देश
इधर, घटना की सूचना मिलते ही जिला पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, एसपी प्यारेलाल शिवरान और डूंगरगढ़ सीओ गोमाराम मौके पर पहुंचे। जिसके बाद घटना की जानकारी लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को उक्त मामले में तर्क कार्रवाई करने के निर्देश दिए। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए देराजसर गांव के आसपास युवकों के बारे में जानकारी जुटा रही हैं।