पुलिस छापे में कई युवक-युवतियां पकड़े गए
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर शहर के कोटगेट थाना इलाके में कैफे की आड़ में चल रही कथित अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। शुक्रवार को कोटगेट थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बोथरा कॉम्प्लेक्स के पास संचालित ‘हथाई कैफे’ पर अचानक छापा मारा।
कैफे के अंदर बने मिले गुप्त केबिन
पुलिस छापे के दौरान कैफे के भीतर का दृश्य देखकर टीम भी चौंक गई। अधिकारियों के अनुसार कैफे के अंदर नियमों के विपरीत बंकरनुमा (छिपे हुए) केबिन बनाए गए थे। आरोप है कि इन बंद केबिनों में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
मौके पर युवक-युवतियां मिलीं
दबिश के दौरान पुलिस को मौके पर चार-पांच युवतियां और चार युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। पुलिस ने सभी से पूछताछ की और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए युवतियों को कड़ी समझाइश देकर उनके परिजनों के सौंप दिया। वहीं चार युवकों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार लोगों में कैफे संचालक और उसका असिस्टेंट भी शामिल बताए जा रहे हैं।
पढ़ें- Kota News: पसंद नहीं आया होने वाला दूल्हा, मंगेतर ने कराई युवक की हत्या; शादी से पहले ही खत्म कर दिया रिश्ता
पहले से मिल रही थी शिकायतें
थानाधिकारी धीरेंद्र सिंह शेखावत के अनुसार कैफे में इस तरह के गुप्त केबिन बनाकर गतिविधियां संचालित किए जाने की सूचना पहले से मिल रही थी। इसी आधार पर योजना बनाकर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही इस पूरे मामले में अन्य लोगों की भूमिका और संभावित नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।
इलाके में मचा हड़कंप
कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप की स्थिति बन गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कैफे या अन्य प्रतिष्ठानों की आड़ में चल रहे ऐसे अवैध कार्यों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।