बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में ब्लड कैंसर मरीज की मौत के बाद परिजनों और डॉक्टरों के बीच मारपीट की घटना सामने आई है। मृतक रामावतार सारस्वत के परिजनों ने मेडिकल आंकोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र बेनिवाल और रेजिडेंट डॉक्टर के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के दौरान आईसीयू में भर्ती अन्य मरीज भी भयभीत हो गए। पुलिस ने डॉक्टर से मारपीट के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
बीकानेर पीबीएम अस्पताल में चिकित्सक और मरीज के परिजनों के बीच मारपीट की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। अस्पताल के आचार्य तुलसी केंसर रिसर्च सेंटर के आईसीयू में ब्लड कैंसर का मरीज रामावतार सारस्वत की मौत हो गई। इसके बाद वहां मौजूद मरीज के परिजनों ने मेडिकल आंकोलॉजी के विभागाध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र बेनिवाल, रेजीडेंट डॉक्टर के साथ गाली गलौज, मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इससे वहां भर्ती अन्य मरीज भी घबरा गए, क्योंकि आईसीयू में ज्यादातर गंभीर मरीज ही भर्ती होते हैं।
रेजिडेंट चिकित्सक राहुल शर्मा का आरोप है कि मरीज के परिजनों ने उनके साथ मारपीट और गाली गलौच की। अन्य रेजिडेंट ने बीच बचाव किया तब वे रुके। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची सदर थाना पुलिस ने डॉक्टर के साथ मारपीट के मामले में राहुल सारस्वत पुत्र भेरू लाल सारस्वत को गिरफ्तार किया है।