एटीएम को चोरों ने बनाया निशाना।
- फोटो : अमर उजाला
बज्जू थाना इलाके में मुख्य मार्ग पर लगे एक एटीएम को चोरों ने अपना निशाना बनाया है। बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। RD 860 पर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया का एटीएम चोर गाड़ी के पीछे बांधकर उखाड़कर ले गए। हैरत की बात है कि मुख्य मार्ग पर स्थित इस एटीएम को उखाड़ते समय स्थानीय लोगों ने नहीं देखा। देर रात हुई चोरी की इस घटना ने स्थानीय लोगों को स्तब्ध कर दिया है।
बताया जा रहा है कि चोरों ने पहले एटीएम की सुरक्षा व्यवस्था को भांपा और फिर योजना के तहत चोरों ने पहले एटीएम का गेट को क्षतिग्रस्त कर एटीएम को भारी वाहन से बांधकर उखाड़ दिया। वारदात को अंजाम देने में चोरों ने कुछ ही मिनटों का समय लिया और घटनास्थल से फरार हो गए। घटना के बाद एटीएम में नकदी का आंकलन किया जा रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही बज्जू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल से अहम सबूत जुटाए हैं और अब क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि यह वारदात किसी संगठित गिरोह द्वारा की गई हो सकती है। स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और इस घटना के बाद क्षेत्र में भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर इस तरह वारदात होना पुलिस की गश्त पर कहीं न कहीं सवाल खड़े करता है। फिलहाल, पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इलाके में ए श्रेणी की नाकाबंदी कर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।