बीकानेर में नया शहर थाना क्षेत्र के डागा चौक में आज सुबह एक पुराना मकान भरभराकर गिर गया। मकान के मलबे में घर का सारा सामान दब गया हालांकि हादसे में जनहानि की कोई सूचना नहीं है।
पीड़ित मकान मालिक बुलाकीदास जोशी ने बताया कि पड़ोस में मकान का काम चलने से उसके मकान में दरारें आ गई थीं। उसने मकान मालिक और ठेकेदार से उसके घर से लगती दीवार खड़ी करने के लिए कई बार बोला भी था लेकिन पड़ोसी ने अनसुना कर दिया। इसी के चलते आज सुबह अचानक मकान भरभराकर गिर गया।
गनीमत थी कि इस दौरान मकान में कोई नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा भी हो सकता था। पीड़ित बुलाकी जोशी ने बताया कि वह भेलपूरी का ठेला लगाकर अपना और परिवार का पेट पालता है। ऐसे में मकान गिर जाने से घर में रखा टीवी, कूलर, गैस का चूल्हा आदि सामान मलबे में दब गया। पड़ोसी की लापरवाही के कारण हुए नुकसान का खामियाजा अब उसे भुगतना पड़ेगा।