जिला पुलिस ने आज बड़ी कार्रवाई करते हुए मोबाइल फोन छीनने वाली गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 45 कीमती मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन आरोपियों ने शहर के कई इलाकों में से मोटर साइकिल चोरी करने की वारदात भी स्वीकार की हैं। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई 15 मोटर साइकिल के पार्ट्स बरामद किए हैं।
प्रशिक्षु आईपीएस और सीओ सदर रमेश ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी जाहिर उर्फ बाबू उर्फ कप्तान निवासी सिक्कों का मोहल्ला, विश्वजीत और सोहिब उर्फ भोमा निवासी मुक्ताप्रसाद कॉलोनी के हैं। शहर में पिछले कई महीनों से लगातार मोबाइल फोन छीनने की घटनाएं सामने आ रही थीं। आईजी ओमप्रकाश के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक शर्मा के निर्देशन और उनके स्वयं के सुपरविजन में टीम गठित की गई। इस टीम ने पूर्व में चोरी करने वालों से पूछताछ की और संदिग्ध लोगों के बारे में सुचनाएं एकत्र कीं। जिस पर आज उक्त तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा गया।
आरोपियों के कब्जे से चोरी के 45 स्मार्टफोन, एक मोटरसाइकिल तथा मोटरसाइकिल के पार्ट्स बरामद किये गये हैं। आरोपियों से पूछताछ में शहर में विगत 01 वर्ष मे करीब 150 मोबाइल छीनने और 20-25 मोटरसाइकिल चुराने की वारदात करना कबूल किया है। तीनों आरोपियों से गहनता से अनुसंधान जारी है। हेड कांस्टेबल योगेन्द्र का इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
महंगे मोबाइल पर रखते थे निगाह
आईपीएस प्रशिक्षु और सीओ सदर रमेश ने बताया कि ये पहले से निगाह रखते थे कि उनके शिकार के पास 5जी या एडवांस मोबाइल है। फिर तेज गति में बाइक से आकर उनका मोबाइल झपट कर फरार हो जाते थे।
गैंग में और भी हैं सदस्य, जल्द होंगे गिरफ्तार
मोबाइल छीनने वाली इस गैंग में इन तीनों के अलावा और भी कई सदस्य हैं। सीओ सदर रमेश ने बताया कि ये आरोपी छीने गए मोबाइल को लेकर अपने आका के पास जाते थे। वहां ये मोबाइल बेच देते थे। मोबाइल खरीदने वाला आका इन मोबाइल को खोल कर उनके पार्टस आगे कहीं बेच देता था।