बीकानेर में पुलिस को चकमा देने के लिए शराब तस्कर अलग-अलग तरीके अपना रहे हैं। ऐसे ही एक मामले का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने पंजाब से गुजरात जा रही शराब की बड़ी खेप को जब्त किया है। पूगल थाना पुलिस ने बुधवार को 682 आरडी पर नाकाबंदी लगा कर अवैध अंग्रेजी शराब के 840 कार्टून बरामद किए। पुलिस ने शराब के कार्टून लदे ट्रेलर चालक सहित ट्रेलर को एस्कॉर्ट करते चार जनों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी लग्जरी कार से ट्रक को एस्कॉर्ट कर रहे नारायणराम पुत्र दीपाराम निवासी भीमगुड़ा, सांचौर, ट्रेलर चालक नैनाराम पुत्र बन्नाराम, हेमंत कुमार पुत्र गिरधारीराम और डालूराम पुत्र चुनाराम निवासी बाड़मेर हैं। पुलिस ने नारायणराम के पास से दो डायरी बरामद की गई है। चारों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि अवैध अंग्रेजी शराब के कार्टून ईंटों की आड़ में पंजाब से गुजरात ले जाई जा रही थी। ईंटों की आड़ में अवैध अंग्रेजी शराब के कार्टून रखे गए थे। गुजरात नंबर प्लेट लगे इस ट्रेलर को स्कॉर्पियो में बैठे लोग एस्कॉर्ट कर रहे थे।
हेड कांस्टेबल नानूराम गोदारा को मुखबिर से इस बारे में सूचना मिली थी, जिस पर पूगल थाना पुलिस की ओर से 682 आरडी पर नाकाबंदी की गई। इस दौरान ट्रेलर के आगे चल रही तमिलनाडु नम्बर प्लेट लगी स्कॉर्पियो जब वहां पहुंची तो उसे रोका गया। स्कॉर्पियो का चालक नारायणराम ट्रेलर को एस्कॉर्ट कर रहा था, जिसे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने ट्रेलर की तलाशी ली तो उसमें ईंटे भरी थी। ईंटों को हटाकर देखा तो ट्रेलर में अवैध अंग्रेजी शराब के कार्टून रखे थे।
पुलिस ने अवैध अंग्रेजी शराब के 840 कार्टून बरामद करते हुए ट्रेलर और स्कॉर्पियो जब्त किए। इस कार्रवाई में हेड कांस्टेबल नानूराम गोदारा, कांस्टेबल संदीप कुमार, कांस्टेबल रामप्रताप, कांस्टेबल नौरंग सिंह, हेड कांस्टेबल ओमप्रकाश और कांस्टेबल हरेंद्र सिंह की भूमिका अहम रही। आरोपी नारायणराम के खिलाफ बीकानेर, हनुमानगढ़, बाड़मेर और गुजरात में पूर्व में कई प्रकरण दर्ज हैं।