ज्वेलर से पांच करोड़ की रंगदारी मांगी
- फोटो : अमर उजाला
बीकानेर के नयाशहर थाना क्षेत्र में एक आभूषण व्यापारी से कुख्यात रोहित गोदारा गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित ज्वेलर जुगल नारायण सोनी को विदेशी नंबरों से व्हाटस एप कॉल और वॉयस मैसेज के जरिए धमकी दी गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ज्वेलर जुगल नारायण सोनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 सितंबर की शाम करीब 4:52 बजे उनके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से व्हाटस एप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को वीरेंद्र चारण बताया। उसकी व्हाटस एप आईडी पर अंग्रेजी में जय बाबेरी लिखा हुआ था।
करीब एक मिनट चली वॉयस कॉल के दौरान आरोपी ने व्यापारी से सीधे पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और कॉल कटने के तुरंत बाद 57 सेकंड का एक वॉयस मैसेज भी भेजा, जिसमें पांच करोड़ रुपये देने की मांग दोहराई गई थी। व्यापारी के अनुसार आरोपी ने दावा किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर एक संगठित गैंग बना रखा है और इसी गैंग के नाम पर वसूली की जाती है। पीड़ित व्यापारी की रिपोर्ट पर नयाशहर पुलिस ने वीरेंद्र चारण और रोहित गोदारा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मामले की जांच नयाशहर थानाधिकारी सुरजीत कुमार को सौंपी गई है।
ये भी पढ़ें: आरसीए चुनाव में बड़ा उलटफेर: पराक्रम सिंह राठौड़ गुट ने बृजकिशोर उपाध्याय को दिया समर्थन; चुनाव टलने के आसार
पुलिस के अनुसार दोनों के खिलाफ बीकानेर शहर के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें व्यवसायियों से रंगदारी मांगने से जुड़े मामले भी शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक रोहित गोदारा फिलहाल जेल में बंद है और इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इस मामले के बीच रोहित गोदारा से जुड़े तेजाणा ढाणी स्थित मकान पर हुई बुलडोजर कार्रवाई का मामला भी चर्चा में है। बीकानेर के लूणकरणसर कस्बे से करीब 16 किलोमीटर दूर तेजाणा ढाणी में स्थित दो मंजिला मकान पर 13 जुलाई की रात जेसीबी चलाए जाने की बात सामने आई थी। आरोप है कि रात के समय पहुंचे लोगों ने मकान के पिछले हिस्से को ढहा दिया था। साथ ही मुख्य हिस्से के दरवाजे और खिड़कियां चोरी किए जाने के आरोप भी लगाए गए थे। इस कार्रवाई के खिलाफ रोहित गोदारा की मां ने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने संबंधित पक्ष को 10 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए थे।